Moradabad: एक्स-रे रिपोर्ट चाहिए तो स्मार्ट फोन लेकर पहुंचें...खींचनी पड़ेगी फोटो

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। सरकार की ओर से बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के भले ही कितने दावे क्यों न किए जा रहे हों लेकिन धरातल स्थिति बिल्कुल उलट है। जिला अस्पताल के रेडियोलॉजी विभाग में हड्डी के एक्स-रे की रिपोर्ट नहीं मिल रही। मरीज या तीमारदार से कह दिया जाता है कि एक्स-रे की फोटो क्लिक करके चिकित्सक को दिखा देना, रिपोर्ट नहीं मिलेगी। फोटो खींचने के बाद मरीज चिकित्सक को दिखाते हैं, उसी के आधार पर इलाज भी हो रहा है।

गुरुवार को दोपहर12:20 बजे मछरिया निवासी रानी डिजिटल एक्स-रे कक्ष में एक्स-रे कराने पहुंचीं। एक्स-रे होने के कुछ देर बाद फिर तकनीशियन ने उन्हें कक्ष में बुलाया और कहा कि एक्स-रे रिपोर्ट नहीं मिलेगी। कंप्यूटर स्क्रीन से ही फोटो खींच लो। चिकित्सक को फोटो दिखा देना वो सारी दिक्कत समझ जाएंगे। बता दें कि प्रतिदिन 100 से अधिक मरीज एक्स-रे के लिए पहुंचते हैं। 

अपर निदेशक एवं प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संगीता गुप्ता ने बताया कि अस्पताल में एक ही रेडियोलॉजिस्ट है। हर दिन 100 से अधिक एक्स-रे और फिर सीटी स्कैन की रिपोर्ट बनानी पड़ती हैं। मेडिकल रिपोर्ट के एक्स-रे और उनकी रिपोर्ट भी बनाई जाती है। स्टाफ की कमी है, जिस वजह से दिक्कतें हैं, हालांकि एक्स-रे रिपोर्ट की फोटो से चिकित्सक आसानी से परेशानी को समझ लेते हैं। बताया कि रेडियोलॉजिस्ट के लिए समय-समय पर निदेशालय को अवगत कराया जा रहा है।

 

संबंधित समाचार