कानपुर : प्लाट में मिला युवक का शव, हत्या की आशंका
कानपुर। हनुमंत विहार स्थित रामलीला मैदान के समीप स्थित प्लाट में गुरुवार दोपहर युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस व फॉरेंसिक टीम ने जांच की और शव पोस्टमार्टम भेजा। युवक के शरीर पर चोटों के निशान देखकर लोगों ने हत्या की आशंका जताई है।
रामलीला मैदान के पास करीब 250 गज का यह प्लाट है, जो किसी अधिवक्ता का बताया जा रहा है। इसकी चारदीवारी करीब पांच फीट ऊंची है। प्लाट के अंदर की दीवार के पास शव पड़ा मिला। युवक की उम्र करीब 25-28 वर्ष के बीच है। वह मैरून रंग की शर्ट और हल्के हरे रंग की जींस पहने है।
डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि प्लाट में बेलपत्र का पेड़ है। कुछ लोग इसी बेलपत्र को तोड़ने दीवार पर चढ़े थे। ऐसे में उन्हें दुर्गंध आने पर शव पड़ा दिखा। शव करीब तीन दिन पुराना होने की आशंका है और अकड़ गया है। युवक के शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।
