कानपुर : दीपावली पर इस बार सबसे अधिक हो रही स्मार्ट लाइट की मांग, झूमर से भी पटा बाजार
कानपुर, अमृत विचार। दीपावली में अपने घरों के कमरों को रौशन करने के लिए शहरवासी नई तकनीक व डिजाइन की लाइट को प्राथमिकता दे रहे हैं। ऐसी लाइट जो घर की शान भी बढ़ाए और दीपावली की रौशनी भी जगमगाए। इस बार बाजार में स्मार्ट लाइट का सबसे अधिक रुझान है।
इस स्मार्ट लाइट की खासियत है कि इसे अपने मोबाइल फोन से ही पूरी तरह से ऑपरेट किया जा सकता है। उधर अन्य लाइट्स में झूमर व लेजर एलईडी लाइट सबसे अधिक रुझान में चल रही है।
दीपावली पर्व पर शहर का लाइट बाजार नई-नई लाइट से सजा हुआ है। इनमें सबसे अधिक मांग इस बार ब्रांडेड लाइट की हो रही है। घरों के भीतर कमरों की शोभा बढ़ाने के लिए शहरी सबसे अधिक डिजाइनर एलईडी लाइट का इस्तेमाल कर रहे हैं।

उधर इस बार बाजार में स्मार्ट लाइट का भी बोलबाला है। ब्रांडेड कंपनी की यह लाइट मोबाइल फोन से भी ऑपरेट होती है। मोबाइल फोन के जरिए इस लाइट को कमांड देकर इसके रंग में भी बदलाव किया जा सकता है। यह लाइट तीन रंग बदलती है। इसी तरह इस लाइट को यदि बंद करना भूल गए है तो इसे घर से दूर रहकर भी ऑफ किया जा सकता है।
बाजार में इंडोर होम डेकोरेट लाइट के बारे में कारोबारी दीपक धवन ने बताया कि अब लोग पारंपरिक लाइट के मुकाबले डिजाइनर लाइट को सबसे अधिक पसंद कर रहे हैं। यही वजह है कि इस दीपावली में घरों के भीतर लगाई जाने वाली लाइट में सबसे अधिक ब्रांडेड लाइट की ब्रिक्री हो रही है। इसके अलावा बाजार में स्मार्ट लाइट लोगों को सबसे अधिक लुभा रही है।

क्रिस्टल झूमर की बढ़ी मांग
घरों के भीतर की सजावट के लिए शहरी इस बार झूमर को भी प्राथमिकता दे रहे हैं। बाजार में सबसे अधिक क्रिस्टल, एलईडी व ट्रेडिशनल झूमर सबसे अधिक मांगे जा रहे हैं। इसी तरह अन्य लाइट की बात की जाए तो फॉलसीलिंग को भी सुंदर बनाने के लिए लाइट का इस्तेमाल जोरों पर है। इनमें भी शहरवासियों का रुझान स्मार्ट लाइट की ओर सबसे अधिक है।
झालर से पटा बाजार
दीपावली में घरों के बाहर लगाई जाने वाली झालरों से लाइट बाजार पटा पड़ा है। कारोबारियों की बात की जाए तो झलरों में इस बार दो हजार से अधिक वैराइटी मौजूद है। झालरों की खरीदारी करने के लिए शहरवासी बाजारों की ओर उमड़ रहे हैं। मनीराम बगिया, लालबंगला, नेहरू नगर, कल्यापुर, गुमटी सहित अन्य बाजारों में बिक्री जोरो पर है। झालरों की बात की जाए तो सबसे अधिक मांग इस बार छोटी लाइट की रंग बदलने वाली झालरों की है। इन झालरों में एक छोटा रिमोट भी है जिससे झालरों का रंग और उसकी रौशन को बदला जा सकता है।
दीवार को बना देगा डिस्को
बाजार में दीपावली पर कई विशेष लाइट भी आई हैं। यह लाइट झालरों के साथ इस्तेमाल होने के लिए लोग खरीद रहे हैं। इनमें डिस्को लाइट की सबसे अधिक मांग है। इस लाइट की खासियत यह है कि यह पूरी दीवार पर फैलकर उस दीवार को डिस्को की तरह जगमगाती है। इसी तरह पारंपरिक लाइट भी बाजार में मौजूद है। इस लाइट को लगाने से दीवार पर रंगीन रौशनी पूरी तरह से फैंलकर झालरों को कंट्रास लुक देती है।
