UP News: नहीं हुई शव की पहचान, 60 कैमरों की खंगाली गई फुटेज, पारा में हत्या कर बोरे में भरकर फेंका गया था शव

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार: पारा के विक्रमनगर ओवरब्रिज के नीचे सब्जी मंडी के पास कूड़े के ढेर में बुधवार को बोरे में भरकर फेंके गए युवक की शिनाख्त अभी तक नहीं हो पायी है। पुलिस ने शिनाख्त के लिए डीसीआरबी के जरिए अन्य जिलों में शव की फोटो भेजी है। जोन छह के नगर-निगम कूड़ा गाड़ी चालकों से पूछताछ की जा रही है। पारा व अन्य इलाकों में पंप्लेट भी चस्पा किए हैं। इसके साथ ही सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफार्म की मदद से पुलिस शव की पहचान कराने का प्रयास कर रही है।

डीसीपी पश्चिम विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि गुरुवार को लापता कुछ युवकों के परिवारवालों ने शव की पहचान के लिए पारा पुलिस से संपर्क किया। उन लोगों को जब शव की फोटो दिखाई गई तो पहचान से इनकार कर दिया। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। शिनाख्त न होने के चलते अभी युवक के शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया गया है। चेहरे, सिर व शरीर के अन्य हिस्सों में चोटों के मामूली निशान हैं। गर्दन में कसाव के निशान हैं। पुलिस ने आशंका जताई की मारपीट के बाद युवक की रस्सी से गर्दन कस कर हत्या कर दी गई है।

इंस्पेक्टर पारा सुरेश सिंह ने बताया कि नगर-निगम जोन छह के कूड़ा गाड़ी वाहन चालकों से भी पूछताछ की गई है। आशंका जताई जा रही है कि कूड़ा गाड़ी चालक अंजाने में बोरे में बंद शव को उठाकर ले आए हैं। पुलिस ने घटना स्थल व आस-पास के इलाकों में लगे करीब 60 कैमरों की फुटेज खंगाली है। कूड़ा घर के सामने खम्भे में लगा कैमरा खराब है। जिसकी वजह से शव फेंकने वाली गाड़ी को चिंहित नहीं किया जा सका है। इसके अलावा आईटीएमएस कैमरे की फुटेज में घटनास्थल से एक कार आती और टू व्हीलर गाड़ी जाती हुई नजर आई है। फुटेज में वाहनों का नंबर क्लियर नजर नहीं आ रहा है।

 

संबंधित समाचार