Deepotsav 2025: अयोध्या का दीप महोत्सव फिर बनेगा विश्व रिकॉर्ड का गवाह, गिनीज बुक में दर्ज होंगी दो नई उपलब्धियां

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

अयोध्या में आयोजित होने वाला इस साल का दीपोत्सव कई दृष्टिकोण से यादगार साबित होने वाला है। उत्तर प्रदेश सरकार इसे और अधिक वैभवपूर्ण बनाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। दीपोत्सव-2025 के दौरान दो नए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स स्थापित किए जाएंगे।

पहली उपलब्धि 26 लाख 11 हजार 101 दीपकों को जलाकर हासिल की जाएगी। तो वहीं दूसरी रिकॉर्ड सरयू नदी की आरती के समय 2100 दीपों के दान से बनेगा। इस आरती में स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं, संस्कृत संस्थानों के विद्यार्थी और हजारों स्वयंसेवक भाग लेंगे।

दीपोत्सव में नवीनतम प्रयोग और आकर्षण

इस बार के आयोजन में कई ताजा प्रयोग शामिल किए गए हैं। ड्रोन शो को और रोमांचक बनाते हुए पिछले वर्ष की तुलना में दोगुनी संख्या यानी 1100 ड्रोनों का इस्तेमाल होगा, जो आकाश में 10 विभिन्न आकृतियां बनाएंगे। जनसमूह के प्रबंधन के लिए आधुनिक तकनीक अपनाई जा रही है। कृत्रिम बुद्धिमत्ता वाले कैमरों से लोगों की संख्या की गणना की जाएगी, जिससे कार्यक्रम बिना किसी व्यवधान के संपन्न हो सके।

इसके अलावा, स्थानीय उत्पादों की एक विशाल प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसमें स्वयं सहायता समूह, वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट योजना और संस्कृति विभाग द्वारा अयोध्या क्षेत्र के पारंपरिक सामानों को दिखाया जाएगा।

दो विश्व रिकॉर्ड्स की तैयारी

अयोध्या के दीपोत्सव को अलौकिक और भव्य स्वरूप देने के लिए राज्य के पर्यटन एवं संस्कृति विभाग ने पूरी तैयारी कर ली है। रोजाना हो रही बैठकों में महत्वपूर्ण फैसले लिए जा रहे हैं। इन्हीं में दो गिनीज रिकॉर्ड्स दर्ज करने का निर्णय भी है।

यह दीपोत्सव का नौवां संस्करण होगा। उत्तर प्रदेश सरकार हर वर्ष अपने पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़कर नया कीर्तिमान स्थापित करती है और गिनीज बुक में जगह बनाती है। आमतौर पर अधिक संख्या में दीप जलाकर रिकॉर्ड बनता रहा है, लेकिन इस बार दीप प्रज्वलन के साथ-साथ सरयू आरती में 2100 दीपों का दान कर एक और नया रिकॉर्ड कायम करने की योजना है।

 

संबंधित समाचार