CM योगी आज ओबीसी छात्रों को देंगे छात्रवृत्ति, द्वितीय चरण में डीबीटी से सीधे खातों में पहुंचेंगे 126.68 करोड़
लखनऊ, अमृत विचार: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को लोकभवन स्थित ऑडिटोरियम में आयोजित छात्रवृत्ति वितरण समारोह में प्रदेश के लगभग पांच लाख छात्रों को छात्रवृत्ति प्रदान करेंगे। पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से 4.83 लाख से अधिक छात्रों के बैंक खातों में 126.68 करोड़ की राशि ट्रांसफर करेंगे।
वित्तीय वर्ष 2025-26 में पहली बार छात्रवृत्ति वितरण का कार्य सितंबर माह से ही प्रारंभ किया गया है। पहले चरण में 2.5 लाख से अधिक अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) छात्रों को लगभग 62.13 करोड़ की छात्रवृत्ति दी जा चुकी है। इस प्रकार, दोनों चरणों में कुल 188 करोड़ से अधिक की राशि वितरित की जा रही है। पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेन्द्र कश्यप ने बताया कि योगी सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी प्रतिभाशाली छात्र आर्थिक तंगी के कारण शिक्षा से वंचित न रहे।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2016-17 में विभाग का बजट₹1295 करोड़ था, जिसे बढ़ाकर वित्तीय वर्ष 2025-26 में 3124.45 करोड़ कर दिया गया है। लगभग ढाई गुना वृद्धि की गई है। बताया कि केवल छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति योजनाओं के बजट में ही उल्लेखनीय उछाल हुआ है। वर्ष 2016-17 में यह 1092.36 करोड़ था, जो अब बढ़कर 2825 करोड़ हो गया है। इससे लाखों छात्रों को लाभ पहुंचाने का मार्ग प्रशस्त हुआ है।
