IRCTC की वेबसाइट और ऐप हुआ डाउन, लोग परेशान... तत्काल टिकट नहीं हो सका बुक, तो फटाफट करें इस ऐप का इस्तेमाल
त्योहारों के मौसम में जब लाखों लोग अपनी यात्रा की योजना बना रहे होते हैं, उस वक्त IRCTC की वेबसाइट और मोबाइल ऐप का सर्वर शुक्रवार को अचानक क्रैश हो गया। कई घंटों तक न तो वेबसाइट और न ही ऐप से टिकट बुकिंग हो पा रही थी। इस तकनीकी गड़बड़ी की वजह से तत्काल टिकट बुकिंग भी पूरी तरह ठप हो गई, जिससे हजारों यात्री परेशानी में पड़ गए। त्योहारों से ठीक पहले आई इस समस्या ने यात्रियों की तैयारियों में बड़ा रोड़ा अटका दिया है।
वेबसाइट के ठीक आखिरी समय पर डाउन होने से सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है। शिकायतों की बाढ़ आ गई है। यूजर्स बता रहे हैं कि गुरुवार को ही पेमेंट के दौरान दिक्कतें आई थीं और शुक्रवार को पूरी वेबसाइट ही बंद हो गई। यह परेशानी खासकर तत्काल टिकट बुकिंग के समय की बताई जा रही है। यूजर्स का कहना है कि वे बुकिंग ही नहीं कर पाए। अगर आप भी इस समस्या से जूझ रहे हैं तो एक अन्य सरकारी ऐप से बुकिंग कर सकते हैं। इसका नाम रेलवन ऐप है। यह ऐप सुचारु रूप से काम कर रहा है और प्ले स्टोर व ऐप स्टोर से आसानी से डाउनलोड किया जा सकता है।
6.png)
रेलवन ऐप है बेहतरीन विकल्प
टिकट बुकिंग के लिए रेलवन ऐप एक शानदार विकल्प है। इस ऐप से रिजर्व्ड, अनरिजर्व्ड और प्लेटफॉर्म टिकट बुक किए जा सकते हैं। तत्काल टिकट भी यहां से लिए जा सकते हैं। एनबीटी टेक ने खबर लिखते समय इस ऐप का इस्तेमाल किया। हमने एंड्रॉयड स्मार्टफोन पर ऐप टेस्ट किया और यह पूरी तरह काम कर रहा था। ऐप में कोई दिक्कत नहीं दिखी। इसलिए आप इस ऐप से आसानी से टिकट बुक कर सकते हैं।
रेलवन ऐप का इस्तेमाल कैसे करें
-रेलवन ऐप को प्ले स्टोर या ऐप स्टोर से डाउनलोड करें।
-डाउनलोड करने के बाद अकाउंट बनाना होगा।
-अगर आपका IRCTC अकाउंट पहले से है, तो उसी से लॉगिन कर सकते हैं।
-अकाउंट क्रिएट करने और पिन सेट करने के बाद रेलवन ऐप से बुकिंग शुरू कर दें।
जनरल टिकट के लिए UTS ऐप
अगर आपको सिर्फ जनरल टिकट चाहिए तो UTS ऐप का उपयोग करें। इस ऐप से जनरल और प्लेटफॉर्म टिकट लिए जा सकते हैं। हालांकि, तत्काल टिकट की बुकिंग यहां नहीं होती।
4.png)
सोशल मीडिया पर उबल रहा आक्रोश
IRCTC वेबसाइट डाउन होने से लोगों का गुस्सा सोशल मीडिया पर जमकर फूट रहा है। एक यूजर श्रीराम श्रीनिवासन ने एक्स पर लिखा कि त्योहारों के लिए तत्काल बुकिंग के दौरान IRCTC की वेबसाइट आसानी से डाउन हो जाती है। क्या इसके लिए कोई जिम्मेदार नहीं है और कोई जांच नहीं होगी? लाखों यूजर्स त्योहारों के लिए IRCTC पर निर्भर हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, irctc वेबसाइट में तकनीकी खराबी आ गई। तत्काल बुकिंग के समय पूरी तरह ठप हो गई। एक अन्य यूजर नवाव आलम ने एक्स पर पोस्ट किया कि तत्काल बुकिंग का वक्त है और स्क्रीन पर ‘डाउनटाइम’ का मैसेज दिख रहा है। यूजर्स मांग कर रहे हैं कि इस समस्या का तुरंत समाधान किया जाए और पीक ऑवर्स में बुकिंग को सुगम बनाया जाए।
