बाराबंकी: मंत्री राकेश सचान ने स्वदेशी मेले का किया भ्रमण, कहा- स्वदेशी उत्पादों की खरीद से देश बनेगा आत्मनिर्भर
बाराबंकी, अमृत विचार। शुक्रवार को राजकीय इंटर कॉलेज ऑडिटोरियम में स्वदेशी उत्पादों के प्रोत्साहन के लिये आयोजित स्वदेशी मेले का सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम, खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम, हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग विभाग के मंत्री राकेश सचान ने दौरा किया। मेले में खादी, ग्रामोद्योग, माटी कला, हस्तशिल्प, और स्थानीय उद्योगों से जुड़े विभिन्न स्टॉल्स का अवलोकन करते हुए मंत्री ने स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने की अपील की।
उन्होंने मेले में लगे मधुमक्खी पालन, चिकनकारी, फर्नीचर, अचार, अगरबत्ती, धूपबत्ती इत्यादि के स्टॉलों का निरीक्षण किया और उत्पादों की सराहना की। भ्रमण उपरांत मंत्री सचान ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के अंतर्गत लाभान्वित लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति के चेक वितरित किए।
इस अवसर पर साक्षी सिंह को ब्यूटी पार्लर, सर्वज्ञ श्रीवास्तव को फूड कैन्टीन, शिवम सोनी को फोम निर्माण, लक्ष्मी नारायण को फर्नीचर निर्माण, अर्चना यादव को टेलरिंग, संतोष कुमार को टेंट हाउस, सोनू कुमार को रिन्यूएबल एनर्जी और रूपेन्द्र कुमार को फूड रेस्टोरेंट के लिये चेक प्रदान किए गए।

अपने संबोधन में मंत्री राकेश सचान ने कहा कि हमें अधिक से अधिक संख्या में स्वदेशी उत्पादों की खरीद करनी चाहिए, जिससे देश की अर्थव्यवस्था सुदृढ़ होगी और स्थानीय कारीगरों, उद्यमियों को सीधा लाभ पहुंचेगा।
उन्होंने बताया कि हाल ही में ग्रेटर नोएडा में 25 से 29 सितम्बर तक आयोजित यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में प्रदेशभर से 2200 स्टॉल्स लगाए गए थे, जिनमें बाराबंकी से भी 9 उद्यमियों और हस्तशिल्पियों ने भाग लिया। इसी कड़ी को आगे बढ़ाते हुए स्वदेशी मेले का आयोजन जिले में किया गया है।
मंत्री ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन न केवल स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराते हैं, बल्कि पारंपरिक शिल्पों को भी नया जीवन देते हैं। मेले में कुम्हार, बढई, दर्जी, टोकरी बुनकर, लोहार, हलवाई जैसे परंपरागत कारीगरों के साथ-साथ विभिन्न सरकारी विभागों जैसे खादी ग्रामोद्योग बोर्ड, माटी कला बोर्ड, राष्ट्रीय आजीविका मिशन, कौशल विकास विभाग, युवा कल्याण विभाग और डूडा द्वारा भी स्टॉल लगाए गए थे।
इस अवसर पर विधायक मिल्कीपुर चन्द्रभानु पासवान, मुख्य विकास अधिकारी अन्ना सुदन, परियोजना निदेशक जिला ग्राम्य विकास अभिकरण राकेश कुमार, नगर अध्यक्ष भाजपा सूरज सिंह, उपायुक्त उद्योग एवं कार्यक्रम संयोजक आशुतोष श्रीवास्तव, उपायुक्त एनआरएलएम और जिला ग्रामोद्योग अधिकारी सहित अन्य अधिकारीगण एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
मंत्री ने समापन में कहा कि इस प्रकार के मेलों से जहां उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण स्थानीय उत्पाद मिलते हैं, वहीं कारीगरों और उद्यमियों की आय में वृद्धि होती है और ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर सृजित होते हैं। स्वदेशी उत्पादों को अपनाकर ही हम आत्मनिर्भर भारत की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं।
