Dhanteras 2025: धनतेरस पर्व कल, इस शुभ मुहूर्त में करें खरीदारी, होगी धनवर्षा
कानपुर, अमृत विचार। धनतेरस का पर्व न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि यह खरीददारी के लिए भी अत्यंत शुभ माना जाता है। इस दिन की गई खरीदारी से घर-परिवार में समृद्धि, खुशहाली और सुख-शांति का आगमन होता है। इस दिन इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, वाहन, सोना, चांदी, रत्न, आभूषण एवं बर्तन आदि की खरीददारी कर घर लाना अति शुभफल दायक माना जाता है।
वैदिक विभूषण ज्योतिषाचार्य पं. मनोज कुमार द्विवेदी ने बताया कि इस बार शनिवार होने के कारण लोगों के मन में सवाल है कि शनिवार को गाड़ी आदि खरीद सकते हैं या नहीं। दरअसल मान्यता है कि शनिवार के दिन लोहा या इससे संबंधित वस्तुओं की खरीदारी नहीं करनी चाहिए। लेकिन धनतेरस पर ‘वार’ नहीं ‘पर्व’ को महत्व दिया जाता है।
इसलिए इस दिन इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, वाहन, सोना, चांदी, रत्न खरीद सकते हैं। इस दिन खरीददारी से शनि का प्रकोप नहीं लगेगा। उधर उन्होंने यह भी बताया कि कार्तिक महीने के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि 18 अक्तूबर को दोपहर 12:18 मिनट पर प्रारंभ होगी। समापन 19 अक्तूबर को रविवार दोपहर 1:51 मिनट पर होगा। इसलिए शनिवार 18 अक्टूबर को धनतेरस का पर्व मनाया जाएगा।
पूजन का मुहूर्त
धनतेरस पूजा मुहूर्त-धनतेरस के दिन शाम 7 बजकर 16 मिनट से लेकर रात 8 बजकर 20 मिनट तक पूजा का मुहूर्त बना रहेगा। इस अवधि में माता लक्ष्मी, कुबेर महाराज और भगवान धन्वंतरि की पूजा-अर्चना करना कल्याणकारी और शुभफलदाई रहेगा।
खरीददारी का शुभ मुहूर्त
- सुबह 07:35 बजे से 09:01 बजे तक
- सुबह 9:59 बजे से 10:56 बजे तक
- सुबह 11:54 बजे से दोपहर 01:20 बजे तक
- दोपहर 01:48 बजे से दोपहर 02:46 बजे तक
- दोपहर 03:43 बजे से सायं काल 04:40 बजे तक
- शाम 05:38 बजे से सायं काल 07:12 बजे तक
- रात्रि 10:45 बजे से रात्रि 11:54 बजे तक
