Dhanteras 2025 : दुल्हन की तरह सजे बाजार, हजार करोड़ का हो सकता कारोबार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर, अमृत विचार। धनतेरस का बाजार खरीदारी के लिए तैयार है। बाजारें सज गईं हैं, दुकानों में नया स्टॉक बिक्री के लिए तैयार है। बाजार में इस बार सोने चांदी से लेकर बर्तन तक में नए डिजाइन मौजूद हैं। उधर दो व चार पहिया वाहन, माटी के गणेश लक्ष्मी व कपड़ों की दुकानों को भी फूलों और रौशनी से सजा दिया गया है।

इलेक्ट्रॉनिक और होम डेकोरेटर कारोबारी भी पर्व पर खरीदारी को लेकर उत्साहित है। पर्व पर ग्राहकों को रिझाने के लिए छूट के ऑफर भी हर कारोबारी अपने अनुसार देने को तैयार है। धनतेरस पर इस बार कारोबारियों को एक दिन में लगभग एक हजार करोड़ रुपये की खरीदारी का अनुमान है।

कारोबारियों की माने तो शनिवार को धनतेरस पर्व पर शहर में 25 सौ ज्वेलर्स शॉप पर महंगे होने के बावजूद लगभग 5 हजार किलो चांदी बिकने का अनुमान है। इसी तरह सोने की बात की जाए तो पर्व पर 125 किलो सोने का कारोबार शहर में हो सकता है।

इसके अलावा हीरों व कुंदन की ज्वेलरी भी खरीदारों को लुभा रही है। इस तरह शहर का सिर्फ सराफा कारोबार इस बार लगभग 5 सौ करोड़ से अधिक का एक दिन में हो सकता है। उधर धनतेरस के लिए खासतौर पर इसके अलावा अन्य बाजारों को मिलाकर शहर में एक हजार करोड़ का कारोबार संभव हो सकता है।

धनतेरस पर बाजारों में कारोबारी खरीदारों के रुझान के अनुसार नए उत्पाद भी बाजार में लाए है। उधर सोना चांदी कारोबारी भी हल्के आभूषणों में नई डिजाइन की रेंज पर्व पर लाए हैं। इसी तरह बर्तन व्यापारी, उपहार सामग्री के कारोबारी, झालर, कपड़ा और मिठाई कारोबारियों को पर्व पर बाजारों में खरीदारी करने वालों की भीड़ उमड़ने का अनुमान है। 

हल्की ज्वेलरी का रुझान

धनतेरस पर इस बार बाजार में हल्की ज्वेलरी का जोर है। चांदी से लेकर सोने तक हल्के आभूषणों से सराफा बाजार लबरेज है। बाजार में चांदी के पांच ग्राम तक सिक्के भी अपनी मौजूदगी दर्ज करा चुके हैं। इसके अलावा बाजार में इस बार नई डिजाइन की कुंदन ज्वेलरी भी टक्कर दे रही है। राजस्थानी व्हाइट स्टोन और जड़ाऊ ज्वैलरी भी खरीदारों के लिए डिस्प्ले की गई है।

अभूषण कारोबारियों ने बताया कि बाजार में पर्व पर आधुनिक व पारंपरिक दोनो ही तरह के आभूषण को पसंद करने वाले खरीदारों का ख्याल रखा गया है। आधुनिक डिजाइन के आभूषणों में इस बार कुंदन पोल्की ज्वैलरी युवाओं की पसंद मानी जा रही है। यह ज्वेलरी आधुनिक व पारंपरिक दोनो ही डिजाइन में बाजार में मौजूद है। इसी तरह राजस्थान से आने वाला व्हाइट स्टोन भी इस बार आधुनिक खरीदारों को पसंद आ रहा है। रोज गोल्ड के नाम से आई गाढ़े सोने की ज्वैलरी भी खरीदारों को उपलब्ध होगी। 

चांदी के बुलियन गायब

धनतेरस में इस बार चांदी की बुलियन लेने वालों को निराशा उठानी पड़ सकती है। इसकी वजह बाजार में बुलियन की कमी है। इसलिए चांदी के बुलियन खरीदार के पास पहुंचने में चार दिन का समय लग सकता है। कारोबारियों ने बताया कि इस बार पुराने चांदी के विक्टोरिया सिक्के बाजार में बहुत कम है। इनकी जगह विक्टोरिया के नए प्योर सिक्कों ने बाजार में ले ली है। इसके अलावा चांदी के सिक्कों में इस बार लगभग 25 से अघिक डिजाइन खरीदारों के लिए उपलब्ध है। उधर सोने के सिक्कों की बात की जाए तो बाजार में पांच ग्राम के सिक्के व नोट बाजार में उलब्ध है। 

पीतल के बर्तनों का रुझान 

धनतेरस पर बर्तन बाजार में भी नई डिजाइन और उत्पाद छाए हुए हैं। खासतौर पर स्टील के साथ पीतल के बर्तनों पर की गई डिजटल कटिंग के उत्पाद लोगों को लुभा रहे हैं।  त्योहार पर डिनर सेट और थाली सेट की नई रेंज भी आई है। कारोबारियों ने बताया कि शहर में बर्तन बाजार लगभग 2 सौ करोड़ रुपये का कारोबार संभव हो सकता है। शहर में हटिया, हूलागंज, भूसाटोली, आर्य नगर, दर्शनपुरवा, नौबस्ता, ग्वालटोली, जूही, किदवई नगर प्रमुख बाजारों में शुक्रवार शाम से ही रौनक रही। 

स्मार्ट लाइट की धूम

पर्व पर झालर बाजार भी जगमगा उठी है। मनीराम बगिया, नेहरू नगर, जवाहर नगर सहित अन्य झालर बाजारों में नई डिजाइन की झालरों ने दस्तक दिया है। इनमें डिम लाइट, लेजर, डिस्को और ब्रांडेड झालर लोगों को लुभा सकती है। उधर इंटीरियर में स्मार्ट लाइट की खरीदारी का रुझान सबसे अधिक माना जा रहा है।

20 हजार दोपहिया वाहन

पर्व पर वाहन बाजार भी रफ्तार भरने को तैयार है। कारोबारियों ने बताया कि इस बार शहर में लगभग 20 हजार दोपहिया वाहन बिक सकते हैं। धनतेरस में वाहन न मिलने की आशंका पर शहर के लोगों ने पहले ही वाहनों की बुकिंग करा रखी है। बुकिंग के बाद अब यह डिलवरी पर्व या एक दिन पहले उठाई जा रही है। 

गारमेंट बाजार ट्रेंडिंग

पर्व पर गुमटी, नवीन मार्केट, लाल बंगला, स्वरूप नगर, आर्य नगर, शास्त्री नगर बाजारों में कपड़ों का बाजार भी ट्रेंडिंग पर है। कारोबारियों ने बताया कि इस बार युवाओं में खासतौर पर डिजिटल प्रिंटिंग का फैशन रुझान पर है। यही वजह है कि बाजार में इस बार डिजिटल प्रिंटिंग का फैशन सबसे अधिक है। इसके अलावा महिलाओं की कपड़ा बाजार में राजस्थानी डिजाइन की कढ़ाई वाली साड़ियां बाजार में सभी को लुभा रही है।

संबंधित समाचार