वर्ष में एक बार साथ बैठें सभी व्यापारी संगठन... रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने व्यापारियों को किया संबोधित, स्वदेशी अपनाने पर दिया जोर
लखनऊ, अमृत विचार : सभी व्यापार मंडल के पदाधिकारी वर्ष में एक बार साथ बैठें और चर्चा करें। बहुत से समस्याओं का समाधान सामूहिक प्रयास से आसानी से निकल आता है। जहां तक व्यापार का प्रश्न है, तो बिना व्यापार के देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत नहीं बनाया जा सकता। कोई भी पार्टी व्यापारियों और किसानों की अनदेखी नहीं कर सकती है। ये बात शुक्रवार को विश्वेसरैया हाल में आयोजित व्यापारी मिलन समारोह में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कही।
ऑस्ट्रेलिया की जितनी आबादी है उससे अधिक हमारे यहां खुदरा व्यापारी हैं। वहां के प्रधानमंत्री व उप प्रधानमंत्री सहित कई नेताओं से मुलाकात हुई वहां ऐसा कोई नहीं था जिसने भारत की मजबूत अर्थव्यवस्था की सराहना ना कि हो। प्रधानमंत्री ने यहां तक कहा कि हम भी ऐसा ही चाहते हैं जैसा भारत आगे बढ़ रहा है। यह बातें रक्षामंत्री व सांसद राजनाथ सिंह ने कही।
आत्मनिर्भर भारत अभियान के अंतर्गत हर घर स्वदेशी पर भाजपा की महानगर इकाई ने समारोह का आयोजन किया था। इसमें रक्षामंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय जगत में देश की प्रतिष्ठा बढ़ी है। अब भारत का प्रतिनिधि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर बोलता है तो दुनिया उसे कान खोलकर सुनती है। उन्होंने कहा व्यापारी और किसान की कोई भी पार्टी अनदेखी नहीं कर सकती है। देश अब तेजी के साथ आत्मनिर्भर बन रहा है। पहले हम बहुत सी वस्तुएं आयात करते थे, अब वे देश में ही बनने लगी हैं। उन्होंने कहा कि नासिक में हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड की एक शाखा है वहां पर फाइटर प्लेन बनते हैं। वहां पर तेजस मार्क वन ए 4.5 जेनरेशन के फाइटर एयरक्राफ्ट की ओपनिंग की है। भारत की अभी हैसियत हो गई है जबकि पहले हमें दूसरे देशों से समान मांगना पड़ता था आज हमारे देश में फाइटर जेट भी बनने लगे हैं।
देश अकाल्पनिक तरीके से आगे बढ़ रहा है। आज रक्षा क्षेत्र में दूसरे देशों से व्यापार खरीद फरोख्त लेनदेन चलता रहता है। जबकि पूर्व में विदेश में छोटी से छोटी चीज बनती थी और वही से मंगाई जाती थी। जब मैं रक्षा मंत्री बना था तब यहां कुल उत्पादन 45,46 हजार करोड़ का हुआ करता था। अब उत्पादन लगभग डेढ़ लाख करोड़ का हो गया है। कार्यक्रम में मौजूद उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और नीरज सिंह ने आत्मनिर्भर भारत, सशक्त भारत एवं विकसित भारत के लक्ष्य की पूर्ति के लिए व्यापारी बंधुओं से स्वदेशी वस्तुओं को प्राथमिकता एवं सर्वोपरि रखते हुए स्वदेशी व्यापार को व्यापक विस्तार देने का आह्वान किया। महापौर सुषमा खर्कवाल, एमएलसी मुकेश शर्मा, महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, कार्यक्रम संयोजक अभिषेक खरे, व्यापारी अशोक मोतियानी, अनिल बजार, श्याम कृषनानी, सुरेश छबलानी, विनोद पंजाबी, राजेन्द्र अग्रवाल सहित सैकड़ों की संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।
व्यापारियों ने कहा सरकार नीति व माल दें हम उसे भी बेचेंगे
लखनऊ व्यापार मंडल के अध्यक्ष अमरनाथ मिश्र ने कहा कि जो माल मिलता है उसे व्यापारी बेचते हैं। हम खुदरा व्यापारी हैं, किसी माल का उत्पादन नहीं करते। हमें स्वदेशी माल मिलेगा हम उसे भी बेच देंगे। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के विजन की प्रशंसा करते हुए कहा कि वित्तमंत्री, उद्योग मंत्री नीतियां बनाएं, लखनऊ का व्यापारी स्वदेशी माल बाजार में बेचने को तैयार है। जो माल बिक रहा है, उसे बेचना बंद कर देंगे तो सप्लाई चेन प्रभावित होगी और रोजमर्रा की चीजों के लिए परेशानी शुरू हो जाएगी। लखनऊ व्यापार मंडल के चेयरमैन राजेंद्र अग्रवाल, व्यापारी नेता पूर्व सांसद बनवारी लाल कंछल, उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता व अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप बंसल ने भी स्वदेशी अपनाने पर जोर दिया।
यह भी पढ़ेंः
