दिवाली से पहले... चिकन एंड ज्वैलर्स दुकान में घुसे चोर, तोड़ी तिजोरी, करोड़ों की चोरी

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार: जिलाधिकारी आवास और स्टेडियम चौकी के बीच स्थित कालिका चिकन इंडस्ट्री एवं ज्वैलर्स दुकान को चोरों ने निशाना बनाया। छत पर लगे खिड़की व दरवाजे तोड़कर घुसे चोरों ने तिजोरी तोड़कर रुपये, जेवर, सोने के निर्मित सामान, नग समेत करोड़ों के माल पर हाथ साफ कर दिया। हजरतगंज पुलिस ने छानबीन कर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। वहीं, नाका कोतवाली से चंद कदमों की दूरी पर चोरों ने इलेक्ट्रिक दुकान की छत से घुसकर दो लाख रुपये चोरी कर लिए।

ठाकुरगंज के निवाजगंज निवासी कालिदास की परिवर्तन चौक पर केडी सिंह बाबू स्टेडियम चौकी के पास कालिका चिकन इंडस्ट्री एवं ज्वैलर्स के नाम से दुकान है। 8 अक्टूबर को कालिदास दुकान बंद कर घर चले गए। अगले दिन सुबह भतीजा सोनू ने ताला खोलकर शटर उठाया तो पैरों तले जमीन खिसक गई। अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था और तिजोरी टूटी हुई मिली। पीड़ित ने बताया कि तिजोरी से सोने-चांदी के जेवर, कीमती नग, सोने-चांदी के निर्मित सामान और 83 हजार रुपये कैश गायब थे। माना जा रहा है कि चोरी करोड़ों की है। सूचना पर पहुंची हजरतगंज पुलिस ने छानबीन की तो दुकान की छत पर खिड़की व दरवाजे कटे मिले। पुलिस ने 16 अक्टूबर को रिपोर्ट दर्ज की। आसपास के सीसी कैमरों की मदद से जांच की जा रही है।

वहीं, चारबाग निवासी सौरभ जैन की नाका मार्केट में जैन इलेक्ट्रिक नाम से शॉप है। बुधवार को दुकान बंद कर घर गए सौरभ गुरुवार सुबह लौटे। शटर उठाकर भीतर गए तो सारा सामान बिखरा पड़ा था। गल्ले की दराज टूटी थी और उसमें रखे दो लाख रुपये गायब थे। नाका पुलिस ने घटनास्थल पर छानबीन की तो पता चला कि चोर छत की दीवार तोड़कर घुसे थे। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

संबंधित समाचार