CRS पोर्टल की गड़बड़ी से नहीं बन पा रहे जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र....CMO कार्यालय से अनुमोदन भी टरका रहा बाबू
लखनऊ, अमृत विचार : सिविल रजिस्ट्रेशन सिस्टम (सीआरएस) पोर्टल में सर्वर की समस्या के कारण जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र बनने की प्रक्रिया ठप हो गई है। इससे लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही लोगों को जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए सीएमओ कार्यालय में भी परेशानी झेलनी पड़ रही है। जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र का अनुमोदन देने के लिए सीएमओ कार्यालय से भी अड़ंगा लगा दिया जाता है।
कई आवेदक सीएमओ कार्यालय में जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र के अनुमोदन के लिए जाते हैं तो संबंधित बाबू उन्हें टरका देता है। इस समय सीएमओ कार्यालय में 200 से अधिक जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र अनुमोदन के लिए अटके पड़े हैं। अफसरों का दावा है कि जल्द ही सभी आवेदकों का निस्तारण किया जाएगा।
जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र बनने में सीआरएस पोर्टल का नया नियम लोगों की परेशानी बन गया है। नए नियम के तहत अब किसी का भी जन्म या मृत्यु होने पर 21 दिन के अंदर ही प्रमाण पत्र बनवा लेना जरूरी होगा। यदि कोई ऐसा नहीं करता है तो उसे संबंधित अस्पताल, नगर निगम के साथ ही सीएमओ कार्यालय के भी चक्कर लगाने पड़ेंगे।
क्योंकि जन्म या मृत्यु के 21 दिन पूरे होने के बाद सीएमओ कार्यालय से उसका अनुमोदन लेना होगा। साथ ही आवेदन को सक्षम अधिकारी के नाम शपथ पत्र भी देना होगा। उसके बाद ही जन्म या मृत्यु प्रमाण पत्र की प्रक्रिया को पूरा किया जाएगा। जबकि पहले यह नियम नहीं था। पहले एक साल या उससे अधिक के लोगों का भी बन जाता था।
जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र अनुमोदन के मामले लंबित क्यों हैं, इसके बारे में पता किया जाएगा। सभी मामलों का जल्द से जल्द निस्तारण किया जाएगा, जिससे लोगों को समस्या न हो।-डॉ. एनबी सिंह, सीएमओ
