बाराबंकी में शादी का झांसा देकर किया शोषण... ठगे 70 हजार, पीड़िता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज
बाराबंकी, अमृत विचार। कोतवाली सतरिख क्षेत्र में युवती लिव इन रिलेशनशिप में प्रेमी के बहन के घर रही। युवक ने न सिर्फ उसका शारीरिक शोषण किया बल्कि 70 हजार रुपये भी ठग लिए और घर से भगा दिया। जानकारी के अनुसार क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती ने कोतवाली पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह करीब दो वर्षों से ग्राम सिरौली कला थाना मसौली निवासी रितेश कुमार वर्मा के साथ लव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी।
आरोप है कि रितेश ने विवाह का झांसा देकर युवती को अपनी बहन के घर पर दो माह तक रखा और इसी दौरान किश्तों में 70,000 रुपये भी लिए। युवती के अनुसार, जब उसने विवाह के लिए दबाव बनाया तो रितेश ने उससे गाली-गलौज और मारपीट की तथा घर से भगा दिया।
इसके बाद युवक ने उसका मोबाइल नंबर ब्लॉक कर लिया। युवती ने आरोप लगाया कि रितेश की भाभी और मित्र पीयूष भी इस पूरे मामले में शामिल हैं। पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी है, जिससे वह काफी भयभीत है। मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की है।
