Bareilly: दिवाली पर मिलेगी पर्याप्त बिजली, अधिकारियों-कर्मचारियों के अवकाश पर रोक
बरेली, अमृत विचार। दिवाली पर उपभोक्ताओं को पर्याप्त बिजली मिलेगी। बेहतर बिजली आपूर्ति के लिए शनिवार से गुरुवार तक सबस्टेशनों पर अधिकारियों के साथ कर्मचारियों की डयूटी लगाई गई है। अधिकारियों और कर्मचारियों के अवकाश पर रोक लगा दी गई है।
मुख्य अभियंता के निर्देश पर शहर से लेकर देहात तक के सबस्टेशन पर शाम 4 से रात 12 बजे तक अधिकारियों को आपूर्ति पर निगरानी करने को कहा गया है। इसके अलावा ट्राली टांसफार्मर तैयार करने के साथ ही अलग अलग गैंग बनाई गई है। गैंग फाल्ट होने की सूचना पर तत्काल उसे ठीक करने के लिए पहुंचेगी।
दिवाली, गोवर्धन पूजा और भाईदूज पर बेहतर बिजली आपूर्ति के लिए 18 से 23 अक्टूबर तक नगरीय वितरण मंडल के सभी सबस्टेशन पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए 33 और 11 केवी वर्टिकल के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के अलावा कॉमर्शियल प्रथम ओर सेकेंड के साथ एचआर जनसंपर्क वर्टिकल के अधिकारी और कर्मचारियों को शाम 4 से लेकर रात बजे तक सभी सबस्टेशन पर तैनात किया गया है।
वहीं शहर की रामपुर गार्डन, राजेन्द्रनगर, हरुनगला और किला में भी हेल्पडेस्क पर कर्मचारियों को अलर्ट किया गया है। मुख्य अभियंता ज्ञान प्रकाश ने बताया कि दिवाली के मौके पर जिन अधिकारी और कर्मचारियों की डयूटी लगाई गई है उन्हें अवकाश के दौरान बाहर जाने पर रोक रहेगी।
