UP News: सफाईकर्मी की शर्मनाक हरकत... बाथरूम में छात्राओं की खींची फोटो, गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार: महर्षि सूचना प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एमयूआईटी) में एक ओछी हरकत का मामला सामने आया। सफाईकर्मी अरुण कुमार महिला शौचालय में छात्राओं की चोरी छिपे फोटो खींचता रहा। शिकायत पर प्रबंधन ने कर्मचारी का मोबाइल चेक किया तो कई छात्राओं की फोटो मिली। मामले को गंभीरता से लेते हुए एमयूआईटी के सहायक कुलसचिव हिमांशु विमल ने मड़ियांव थाने में आरोपी के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज करायी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

इंस्पेक्टर मड़ियांव शिवानंद मिश्र ने बताया कि अरुण कुमार, सिंहामऊ स्थित अलादातपुर का रहने वाला है और विश्वविद्यालय में सफाईकर्मी के पद पर तैनात था। आरोप है कि वह महिला शौचालय में तांक-झांक करता और छात्राओं की फोटो चोरी छिपे खींचता रहा। शुक्रवार को भी आरोपी मौका देख शौचालय में फोटो खींच रहा था। इसी दौरान एक छात्रा की नजर उस पर पड़ गयी। शोर मचाने पर बाहर मौजूद छात्र और छात्राओं ने उसे पकड़ लिया।

मामले की जानकारी मिलने पर प्रबंधन ने आरोपी से पूछताछ की, लेकिन वह इंकार करता रहा। इसके बाद उसका मोबाइल चेक किया गया तो कई छात्राओं की फोटो बरामद हुई। इसके बाद प्रबंधन ने घटना की सूचना मड़ियांव पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने अरुण कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने सहायक कुलसचिव हिमांशु विमल की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया है।


यह भी पढ़ेंः यूपी: बुलंदशहर में NH-34 पर चलती बस में लगी भीषण आग, 70-80 यात्री थे सवार

संबंधित समाचार