Bareilly : धनतेरस पर बीडीए पर बरसा धन...ग्रेटर बरेली में प्लाट नीलाम कर की 150 करोड़ की आय

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। धनतेरस पर बीडीए को कार्यालय परिसर में आयोजित रामगंगा नगर और ग्रेटर बरेली आवासीय योजना के तहत आवासीय और व्यवसायिक प्लॉट नीलामी में करीब 150 करोड़ रुपये की आय हुई है।

बीडीए उपाध्यक्ष डॉ. ए. मणिकंडन ने बताया कि नीलामी में आवासीय भूखंड, व्यवसायिक भूखंड, शोरूम, स्कूल भूखंड, नर्सिंग होम और हेल्थ सेंटर जैसी संपत्तियों की बोली लगी। यह नीलामी रामगंगा नगर और ग्रेटर बरेली आवासीय योजनाओं के तहत हुई, जिसमें शहर और बाहर के निवेशकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। बीडीए के अनुसार इस नीलामी से न केवल प्राधिकरण की वित्तीय स्थिति मजबूत हुई है, बल्कि शहर में निवेशकों का भरोसा भी बढ़ा है। 

इस मौके पर प्राधिकरण की नई टाउनशिप योजना भी चर्चा में रही। यह योजना दिल्ली–लखनऊ बाईपास और बरेली–पीलीभीत राजमार्ग के पास, ग्रेटर बरेली योजना के पूर्व में स्थित है। नई टाउनशिप में 45 और 30 मीटर चौड़ी मुख्य सड़कें, 18 मीटर चौड़ी आंतरिक सड़कें, भूमिगत बिजली लाइनें और 132 केवीए का विद्युत उपकेंद्र प्रस्तावित है।

योजना में एम्यूजमेंट पार्क, कम्युनिटी सेंटर, होटल, अस्पताल, शैक्षणिक संस्थान, साइबर सिटी और मल्टीप्लेक्स जैसी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। इसके अलावा विशाल सेंट्रल और नेबरहुड पार्क भी प्रस्तावित हैं। बता दें कि बरेली विकास प्राधिकरण प्रदेश का पहला प्राधिकरण है, जो किसानों से आपसी सहमति के साथ भूमि खरीदकर योजनाओं का विकास कर रहा है।

 

संबंधित समाचार