Bareilly: ट्रेडिंग एप पर कमाई का झांसा देकर इंजीनियर से 95 लाख की ठगी
बरेली, अमृत विचार। ठगों ने एक इंजीनियर को ट्रेडिंग एप पर कमाई का झांसा देकर 95 लाख रुपये ठग लिए। शुरुआत में मुनाफे की रकम भी इंजीनियर के खाते में डाली गई लेकिन जब रकम नहीं निकली तो ठगी का अहसास हुआ। इंजीनियर की तहरीर पर साइबर क्राइम थाने में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
इज्जतनगर थाना क्षेत्र के महानगर उत्सव कॉलोनी निवासी ओम प्रकाश राय के मुताबिक 5 अगस्त को एक नंबर से उनके व्हाट्सएप पर मेसेज आया। जिसमें कहा गया कि ट्रेडिंग एप पर खाता बनाने से अच्छा मुनाफा होगा, लेकिन उन्होंने उसे टाल दिया। उसके बाद उन्हें फिर से अच्छे मुनाफे का लालच देकर एक व्हाट्सएप ग्रुप पर जोड़ लिया गया।
उसके बाद 14 अगस्त को मेसेज करने वालों ने एक ट्रेडिंग अकाउंट एसीएमएल पीआरओ बनवाया। जिसमें पैसे डालकर अच्छा मुनाफा देने की बात कही गई। ठगों की बातों में आकर अपने बैंक खाते 95 लाख रुपये डाल दिए। उसके बाद आरोपियों ने दो लाख 65 हजार रुपये का मुनाफा भी दिया। मुनाफे का पैसा एप से निकालना चाहा लेकिन नहीं निकला तो ठगी का अहसास हुआ।
