Vaibhav Suryavanshi: 14 साल के क्रिकेट स्टार वैभव सूर्यवंशी बने 'फ्यूचर वोटर आइकॉन', लोगों से की मतदान की भावुक अपील, देखें वीडियो

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

बिहार के होनहार 14 वर्षीय क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी ने खेल के मैदान से लोकतंत्र के मैदान तक अपनी छाप छोड़ दी है। 2025 में राजस्थान रॉयल्स के लिए आईपीएल में डेब्यू करते हुए उन्होंने लीग के इतिहास का दूसरा सबसे तेज शतक ठोका। इसके बाद अंडर-19 विश्व कप में इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ धमाकेदार पारी खेलीं। रणजी ट्रॉफी में बिहार टीम के उप-कप्तान बने इन युवा सितारे को अब चुनाव आयोग ने बिहार विधानसभा चुनाव में विशेष भूमिका सौंपी है।

चुनाव आयोग ने युवाओं को मतदान के प्रति उत्साहित करने के उद्देश्य से वैभव को 'फ्यूचर वोटर आइकॉन' नियुक्त किया है। आयोग के आधिकारिक सोशल मीडिया पर वैभव का एक प्रेरणादायक वीडियो जारी किया गया है, जिसमें उन्होंने बिहारवासियों से वोट डालने का आह्वान किया।

बिहार विधानसभा चुनाव दो चरणों में संपन्न होंगे—पहला चरण 6 नवंबर और दूसरा 11 नवंबर को। युवा मतदाताओं को प्रेरित करने हेतु चुनाव आयोग हमेशा किसी प्रसिद्ध चेहरे को आइकॉन बनाता है, और इस बार वैभव की चुनी गईं।

वीडियो में वैभव ने भावुक अंदाज में कहा, "सभी बिहारवासियों को मेरा नमस्कार। क्रिकेट मैदान पर उतरते ही मेरा लक्ष्य होता है शानदार प्रदर्शन करना और टीम को जीत दिलाना। ठीक वैसे ही, लोकतंत्र के इस महत्त्वपूर्ण मैदान पर आपका कर्तव्य है वोट डालना। जागरूक नागरिक बनें और आगामी विधानसभा चुनाव में सक्रिय रूप से भाग लें।" वैभव की यह अपील निश्चित रूप से युवाओं में मतदान के प्रति जोश भर देगी।

संबंधित समाचार