UP: दिवाली के बाद सुबह 200 पार...शाम तक AQI 150 तक पहुंचा
रामपुर, अमृत विचार। आतिशबाजी के बाद वायुमंडल का मिजाज बदल गया है। मंगलवार की सुबह वायु गुणवत्ता सूचकांक (एयर क्वालिटी इंडेक्स) 200 को पार कर गया। वायुमंडल में सर्वाधिक 32 प्रतिशत तक नाइट्रोजन डाइऑक्साइड घुल जाने से लोगों की आंखों में जलन महसूस हो रही थी। हालांकि मंगलवार शाम तक वायु गुणवत्ता ठीक हो गई और एक्यूआई 150 तक आ गया।
आतिशबाजी करने के कारण वायु गुणवत्ता सूचकांक मंगलवार को सुबह 7:30 बजे 218 पर था, जो कि वायु गुणवत्ता की खराब स्थिति को दर्शाता रहा। जिला अस्पताल के फिजिशियन डॉ. डीके वर्मा बताते हैं कि यदि कोई अस्थमा, सांस की बीमारी वाले लोगों में से हैं, तो बाहरी गतिविधियों से बचें या उन्हें कम करें। अन्य लोगों को भी गले में जलन और सांस लेने में कठिनाई का अनुभव हो सकता है। घर के अंदर रहना और बाहर की गतिविधियों से बचना बेहतर हो सकता है। जिला अस्पताल के फिजिशियन डॉ. डीके वर्मा बताते हैं कि पटाखों से कार्बन-डाइऑक्साइड पर्यावरण के साथ दम घोटने लगती है और शरीर को भी नुकसान पहुंचाती है। कार्बन मोनोऑक्साइड जहरीली, गंधहीन गैस भी पटाखों से निकलती है, जो हृदय की मांसपेशियों को नुकसान पहुंचाती हैं। हालांकि वायु गुणवत्ता मंगलवार शाम को 150 तक पहुंच गया, इससे राहत मिली।
प्रदूषण इंसानों के पेड़ पौधों और पशु पक्षियों के लिए नुकसानदायक है। दीपावली पर लोगों को कम धुएं वाले पटाखे छोड़ना चाहिए ताकि, एअर क्वालिटी इंडेक्स नहीं बिगड़े। वायुमंडल में 200 के पार एअर क्वालिटी इंडेक्स पहुंच गया है जोकि, खराब स्थिति है। - डा. बेबी तबस्सुम, पर्यावरणविद्
एक्यूआई इतना होने पर यह होती है स्थिति
एक्यूआई- स्थिति
0-50- अच्छा
51-100- संतोषजनक
101-200- मध्यम
201-300- खराब
301-400- बहुत खराब
401-500- गंभीर
