Moradabad: डॉक्टर की लापरवाही से गर्भ में आठ माह के शिशु की मौत, परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया
मुरादाबाद, अमृत विचार। कांठ रोड स्थित एक नर्सिंग होम में मंगलवार को एक प्रसूता के परिजनों ने डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल में हंगामा किया। परिजनों का कहना है कि डॉक्टर की लापरवाही के कारण आठ माह के गर्भ में पल रहे नवजात शिशु की मौत हो गई। प्रसूता के पति ने चिकित्सक के सिविल लाइंस थाने में कार्रवाई की मांग करते हुए तहरीर दी है।
मंगलवार को थाना कांठ इलाके के मोहल्ला फकीर गंज निवासी सौरभ चौधरी ने चिकित्सक पर आरोप लगाते हुए बताया कि उनकी पत्नी दीक्षा चौधरी आठ माह की गर्भवती थी और पिछले एक माह से कांठ रोड स्थित नर्सिंग होम में लेडी डॉक्टर से इलाज करा रही थी। परिजनों का आरोप है कि उन्होंने कई बार अल्ट्रासाउंड कराने की बात कही, लेकिन डॉक्टर ने हर बार इसे टाल दिया।सौरभ के अनुसार, दीक्षा ने कई बार गर्भ में शिशु की हलचल महसूस नहीं होने की शिकायत की, लेकिन कोई जांच नहीं कराई गई।
शनिवार, 18 अक्टूबर को रूटीन चेकअप के दौरान डॉक्टर ने बताया कि बच्चे की हार्टबीट बंद हो चुकी है। बाद में अल्ट्रासाउंड में पुष्टि हुई कि शिशु की गर्भ में ही मौत हो गई थी। इसके बाद डॉक्टर ने एबॉर्शन कर मृत नवजात को बाहर निकाला। इस दौरान महिला की हालत गंभीर रूप से बिगड़ गई।दीक्षा को होश आने पर बच्चे की मौत की जानकारी दी गई, जिससे वह बेहोश हो गई। परिजनों ने अस्पताल में हंगामा कर डॉक्टर पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों से बातचीत कर मामले को शांत कराया।
