नवदिया झादा पुल: आधा किलोमीटर का काटना पड़ रहा चक्कर, धूल-मिट्टी भी कर रही परेशान 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। बड़ा बाईपास पर जिले के सबसे बड़े ब्लैक स्पॉट नवदिया झादा पर फ्लाईओवर निर्माण का कार्य तेजी से चल रहा है। करीब एक किलोमीटर से अधिक लंबे पुल के निर्माण के लिए बीसलपुर रोड से बरेली की तरफ आने वाले ट्रैफिक को डायवर्ट किया गया है, इस वजह से करीब आधा किलोमीटर राहगीरों को अधिक दूरी तय कर दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं। 

सबसे ज्यादा दिक्कत साइकिल सवार और पैदल जाने वाले लोगों को हो रही है। इस चौराहे पर पुल के दोनों हिस्से बन चुके हैं। इस कारण इनके नीचे से निकलने की किसी को अनुमति नहीं है। ऐसे में डायवर्ट किए ट्रैफिक से निकल कर लोग अपने गंतव्य स्थान के लिए आना-जाना कर रहे हैं। सबसे बड़ी दिक्कत धूल मिट्टी से हो रही है, गाड़ियों के बड़ी संख्या में आने जाने से सर्विस रोड पर दिन में खूब धूल उड़ती है, बजरी पर दोपहिया वाहनों के फिसलने का डर बना रहता है, लोग किसी तरह आना-जाना करने को मजबूर हैं।

दरअसल, पिछले छह माह से पुल का निर्माण कार्य चल रहा है। बड़ा बाईपास पर पुल भी दो लेन का बनाया जा रहा है ताकि बीसलपुर की तरफ से बरेली आने और बरेली की तरफ से ट्रैफिक बिना किसी रुकावट के आना-जाना कर सके। इसके साथ ही हादसे की गुंजाइश भी समाप्त हो जाए। इस जगह पर पूर्व में बड़े बड़े हादसे हुए हैं। लगातार बढ़ते हादसों पर प्रशासन ने एनएचएआई के साथ मिलकर पुल बनवाने के लिए शासन से मंजूरी ली। इसके बाद जनपद के बड़ा बाईपास पर सबसे बड़े ब्लैक स्पॉट नवदिया झादा पर फ्लाईओवर निर्माण की कार्रवाई शुरू कराई। एनएचएआई का मुरादाबाद डिवीजन फ्लाईओवर का निर्माण करा रहा है। यह पुल दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे को लिंक करने के लिए रजऊ परसपुर और परसाखेड़ा के बीच स्थित बड़ा बाईपास पर बन रहा है।

बड़ा बाईपास पर ही बीसलपुर-बरेली रोड क्रॉस करती है। यहां हादसों में दर्जनों लोग जान गंवा चुके हैं। इधर अमृत विचार की टीम ने मंगलवार को पुल के कार्य की स्थिति का जायजा लिया इस दौरान लोगों की समस्याएं भी सामने आईं। लोग आधा किलोमीटर बरेली और बीसलपुर रोड की तरफ आना-जाना कर रहे हैं। इसके साथ ही उन्हें धूल-मिट्टी के बीच से गुजरना पड़ रहा है। हालांकि दिवाली की वजह से दो दिन से काम रुका हुआ है।

 

संबंधित समाचार