Govardhan Puja: गोंडा में लगा भगवान घनश्याम को 56 भोग... स्वामी नारायण मंदिर में अन्नकूट भंडारे का आयोजन, भक्तों ने ग्रहण किया प्रसाद

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

गोंडा, अमृत विचार: दीपावली के दूसरे दिन बुधवार को छपिया स्थित भगवान घनश्याम की जन्म स्थली स्वामी नारायण मंदिर छपैया धाम में गोवर्धन पूजा और अन्नकूट भंडारे का आयोजन किया गया तथा भगवान घनश्याम को 56 भोग लगाया गया। इसके पहले भगवान घनश्याम व गोवर्धन की पूजी की गयी और उनकी आरती उतारी गयी। भोग के लिये 56 प्रकार के व्यंजन बनाए गए और भगवान को अर्पित किया गया। 

Untitled design (43)

भगवान घनश्याम के दर्शन के लिए हजारों की संख्या में श्रद्धालु आज छपैया धाम पहुंचे और भगवान का दर्शन पूजन कर आशिर्वाद लिया। श्रद्घालुओं में ज्यादातर लोग गुजरात प्रांत से आए हुए लोग शामिल रहे। भगवान घनश्याम का दर्शन करने आए स्थानीय श्रद्धालु सुधांशु ने कहा कि यहां प्रति वर्ष अन्नकूट भंडारे का आयोजन होता है और यह दिन नूतन वर्ष के रूप में मनाया जाता है। 

विभिन्न प्रांतों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु यहां आते हैं और भगवान घनश्याम का दर्शन करते हैं। अयोध्या में भगवान राम और छपिया में भगवान घनश्याम है‌‌। यह स्थान अयोध्या से मात्र 30 किमी की दूरी पर है और यहां आने से मन को शांति मिलती है। वहीं गुजरात से आई दिव्यांशी पटेल ने बताया कि यहां भगवान घनश्याम का जन्म हुआ था और यहां आने से सभी प्रकार की मनोकामना पूरी होती है‌। 

वही गुजरात से आई  महिला श्रद्धालु कांति बेन पटेल ने कहा कि भगवान घनश्याम की जन्मस्थली का यह मंदिर हमारी आस्था का केंद्र है और मैं यहां पर 12वीं बार आई हूं। यहीं पर भगवान घनश्याम ने पहली बार लोगों को शांति और एकता का संदेश दिया था। स्वामी नारायण मंदिर के पुजारी स्वामी हरिदर्शन महराज ने बताया कि प्रत्येक वर्ष दीपावली के दूसरे दिन गोवर्धन पूजा, दीपोत्सव व अन्नकूट भंडारे का आयोजन किया जाता है। 

इस दिन को नए वर्ष के रूप में मनाने की परंपरा है। आज के दिन भगवान घनश्याम को 56 भोग लगाकर उसका प्रसाद भक्तों को वितरित किया जाता है। इस वर्ष भी विशाल अनुकूल भंडारे का आयोजन किया गया और भगवान को 56 प्रकार के व्यंजनों से उनका भोग लगाकर उनकी आरती उतारी गई। शाम को भव्य दीपोत्सव कार्यक्रम का भी आयोजन होगा। इस दौरान हजारों की संख्या में विभिन्न प्रांतों से आए श्रद्धालु मौजूद रहे।

 

ये भी पढ़े : 

महोबा में श्री गोवर्धन नाथ मेला आज: विधिवत पूजन-अनुष्ठान के साथ शुरूआत,  हाथी, घोड़ा और बैंड बाजों के साथ निकली शोभायात्रा

 

 

संबंधित समाचार