Bareilly: फाइक एन्क्लेव में सीलिंग की भूमि पर बने कई मकान...मगर फाइल दर फाइल अटकी जांच ठंडे बस्ते में

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली अमृत विचार। बवाल कराने के मास्टरमाइंड मौलाना तौकीर रजा खां की गिरफ्तारी के बाद उनके करीबियों की अचल संपत्तियों पर की जा रही कार्रवाई के बीच प्रशासन ने चर्चित फाइक एन्क्लेव कालोनी में सीलिंग भूमि की भी जांच शुरू कराई। कई दिनों तक तहसीलदार सदर की टीम ने जांच की थी। इसके बाद यह जांच फाइलों से आगे नहीं बढ़ सकी। दिवाली के कई दिन पहले से जांच अटकी है, जबकि इस कालोनी में सीलिंग भूमि पर कई मकान बने हैं, इसकी पुष्टि तीन साल पहले हुई जांच में भी हो चुकी है।

फाइक एन्क्लेव कालोनी में जिस तरह से तहसील सदर, बीडीए ने पुलिस के सहयोग से जांच शुरू की, उससे यही लग रहा था कि इस बार सीलिंग भूमि पर अवैध रूप से कब्जा करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी, लेकिन ऐसा कुछ नहीं दिख रहा है। एडीएम सिटी सौरभ दुबे ने जांच शुरू हाेने के बाद यह जानकारी जरूर दी थी कि सीलिंग भूमि के कितने गाटा संख्या की भूमि किस-किस को बेची गई, इसकी जानकारी करने के लिए बैनामों की जांच कराएंगे। इस कार्य में निबंधन विभाग के अधिकारियों का भी सहयोग लिया जाएगा। फिलहाल, चर्चित कालोनी में सीलिंग भूमि पर कब्जे की जांच ठंडे बस्ते में नजर आ रही है।

प्रशासनिक सूत्रों ने यहां तक बताया कि सीलिंग भूमि के गाटा संख्या 367 की 3589.89 वर्ग मीटर भूमि पर पूर्व में कब्जा पाया गया था। इस मामले में जो एफआईआर कराई गई थी, उसमें आरिफ सहित कई नामजद थे। इस मामले में कुछ लाेग उच्च न्यायालय इलाहाबाद चले गए थे, वहां से स्टे मिलने की बात सामने आई थी। प्रशासन उस स्टे का भी अवलोकन करेगा। पिछली जांच रिपोर्ट में यह भी बताया गया था कि जगतपुर लाला बेगम में गाटा संख्या 350, 351, 367 और नवादा शेखान में गाटा संख्या 134 और 438 सीलिंग की भूमि है। इसमें फाइक एन्क्लेव भी शामिल है।

संबंधित समाचार