Bareilly: दिवाली पर हिंसक हुए कुत्ते, तीन दिन में 500 को बनाया शिकार
बरेली, अमृत विचार। दिवाली के मौके पर शहर में हुई आतिशबाजी में कुत्ते भी हिसंक हो गए। तीन दिन में 500 से अधिक लोगों को कुत्तों ने निशाना बनाया। 300 बेड स्थित अस्पताल में पिछले तीन दिन में कुत्ता और बंदर काटे के 500 से अधिक लोग एंटी रैबीज वैक्सीन (एआरवी) लगवाने के लिए पहुंचे।
शहर से लेकर देहात तक में कुत्ते और बंदरो का आतंक बढ़ गया है। लगातार कुत्ते और बंदर लोगों पर हमला करके घायल कर रहे हैं। दिवाली पर पटाखों के शोर में कुत्ते और भी अधिक हिसंक हो गए। 300 बेड स्थित एआरवी सेंटर के डाक्टर फैसल ने बताया कि सोमवार को एआरवी सेंटर पर 200, मंगलवार को 195 और बुधवार को 155 लोग एआरवी लगवाने के लिए पहुंचे। इनमें बंदर काटने के भी कई मरीज शामिल थे।
जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती इज्जतनगर थाना क्षेत्र के पीर बहोड़ा निवासी 10 साल के अरसलान ने बताया कि बुधवार की सुबह वह घर के बाहर खड़ा था। इसी बीच कुत्ते ने अचानक उस पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। परिवार के लोगों ने उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
जिला अस्पताल की ओपीडी में पसरा रहा सन्नाटा
बरेली, अमृत विचार। जिला अस्पताल की ओपीडी में आम दिनों में 2500 के करीब मरीज प्रतिदिन इलाज के लिए पहुंचते हैं, लेकिन दिवाली के मौके पर अवकाश में कम संख्या में मरीज जिला अस्पताल में उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। बुधवार की सुबह जिला अस्पताल की ओपीडी में सन्नाटा नजर आया। दोपहर 12 बजे तक की ओपीडी में 300 मरीज दवा लेने के लिए पहुंचे। पर्चा, दवा काउंटर के अलावा डाक्टरों के रूम के बाहर सन्नाटा नजर आया। भैया दूज के अवकाश के चलते गुरुवार को भी जिला अस्पताल में आधा दिन यानि दोपहर 12 बजे तक ही ओपीडी संचलित की जाएगी।
