गोंडा: 5 करोड़ की अष्टधातु मूर्ति मिली, सात गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गोंडा। जिले के धानेपुर स्थित सतनामी मंदिर से कीमती मूर्तियां चुराने की योजना बनाते समय मुखबिर की सूचना पर जिले की पुलिस व स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में 7 चोरों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार चोरों के पास से एक लगभग  पांच करोड़ की कीमत वाली अष्टधातु की मूर्ति समेत दो तमंचे व एक …

गोंडा। जिले के धानेपुर स्थित सतनामी मंदिर से कीमती मूर्तियां चुराने की योजना बनाते समय मुखबिर की सूचना पर जिले की पुलिस व स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में 7 चोरों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार चोरों के पास से एक लगभग  पांच करोड़ की कीमत वाली अष्टधातु की मूर्ति समेत दो तमंचे व एक बंदूक बरामद की गई।

पुलिस मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में प्रभारी पुलिस अधीक्षक महेन्द्र कुमार ने इस जानकारी देते हुये बताया कि नगर कोतवाली पुलिस  व स्वाट की संयुक्त टीमें  अपराधियों की तलाश में रवाना थी, तभी मुखबिर की सूचना पर गुरूदेव आश्रम के पास धानेपुर में स्थित सतनामी पुरवा रामजानकी मंदिर में मूर्ति लूटने जाते समय गिरफ्तार किया गया।

आरोपियों  से पूछताछ के दौरान उन्होंने बताया कि, वे लोग ठाकुर दास पुरवा स्थित रामजानकी मंदिर से अष्टधातु की मूर्तियां लूटने की योजना बना रहे थे व इसके अलावा  जनपद सिद्धार्थ नगर के बढनी  के रामजानकी मंदिर के साथ  करनैलगंज में संतोषी माता मंदिर में भी मूर्ति चोरी करने की योजना काफी दिनों से उनके द्वारा बनायी जा रही थी।आरोपियों ने बताया कि, इसकी कई बार रेकी भी की जा चुकी थी।

आरोपी राजकुमार घरूक व अजितेश कुमार ने बताया कि वे लोग काफी दिन पूर्व मनकापुर क्षेत्र में स्थित एक मंदिर से एक अष्टधातु जानकी देवी की मूर्ति चोरी की थी तथा इस मूर्ति को बेचने के लिये काफी दिनो से तालिब अंसारी के माध्यम से करनैलगंज के सुनार जावेद को मूर्ति के दोनो हाथ काटकर सैंपल दिया गया था। सैंपल जावेद द्वारा कन्फर्म करने के बाद मूर्ति जावेद को दे दी गयी थी।उन्होंने बताया कि मूर्ति इस समय जावेद के पास ही है।

उनकी निशानदेही पर पुलिस ने जावेद को करनैलगंज से गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लगभग 5 करोड़ की कीमत वाली अष्टधातु धातु की दोनो हाथ कटी जानकी की मूर्ति के बरामद की गई है। पुलिस की इस टीम में प्रभारी नि0 को0 नगर आलोक राव, स्वाट प्रभारी उ0नि0 अतुल चतुर्वेदी प्रभारी स्वाट/सर्विलांस, अश्वनी कुमार, आशीष कुमार,हेड का0 श्रीनाथ शुक्ला,का0 मुलायम यादव,अजीत सिंह, आदित्य पाल,अमित यादव, राजेन्द्र यादव, राजू सिंह,हृदय नारायण दीक्षित ,अरविन्द कुमार, कलीम अली, अमरीश कुमार आदि मौजूद रहे रहे।

संबंधित समाचार