बाराबंकी : पति ने गर्भवती पत्नी के पेट पर मारी लात, हालत गंभीर
फतेहपुर/बाराबंकी, अमृत विचार। दहेज को लेकर चल रहे विवाद के बीच शराबी पति ने मारपीट करते हुए गर्भवती पत्नी के पेट पर लात मार दी। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही। मां की तहरीर पर पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज की है।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला पचघरा निवासी कुसमी पत्नी स्व. लल्लूराम ने तहरीर में कहा कि उसकी पुत्री राधा की शादी लगभग नौ माह पूर्व सुमित कुमार पुत्र छोटेलाल निवासी ग्राम हाता थाना कुर्सी के साथ हुई थी। आरोप है कि पति सुमित कुमार, ससुर छोटेलाल, सास प्रिया देवी, देवर ललित और जेठ अमित कुमार आए दिन राधा को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते, साथ ही भोजन-पानी तक से वंचित रखते थे।
बताया कि अत्याचार से तंग आकर उसने बेटी को अपने घर बुला लिया था। कुछ समय बाद दामाद सुमित कुमार सुधार का भरोसा दिलाते हुए घर आकर साथ रहने लगा लेकिन 28 सितंबर को परिवार में एक मृत्यु के बाद सुमित शराब के नशे में अपनी पत्नी राधा के साथ मारपीट करने लगा।
आरोप है कि उसने गर्भवती पत्नी के पेट पर लात मारी और फरार हो गया। पांच माह की गर्भवती राधा की हालत गंभीर बताई जा रही है। परिजनों का कहना है कि ससुराल पक्ष ने अब तक कोई हालचाल तक नहीं लिया और फोन पर भी अपशब्द कह रहे हैं।
