लखनऊ : प्रॉपर्टी डीलर ने पिस्टल से गोली मारकर दी जान, नहीं मिला सुसाइड नोट, पुलिस ने कब्जे में ली अवैध पिस्टल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार। ठाकुरगंज के महताब बाग स्थित पंजतन हाइट्स अपार्टमेंट में बुधवार देर रात प्रॉपर्टी डीलर सैयद आबिद रजा नकवी (40) ने बाथरूम में पेट में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। कारोबार में घाटे और बढ़ते कर्ज के चलते कई माह से अवसाद में चल रहे आबिद की मौत की सूचना पर उनकी मां ताहिन नकवी तुरंत मौके पर पहुंचीं।

पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया और मौके से अवैध पिस्टल कब्जे में ले ली। छानबीन के दौरान कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। इंस्पेक्टर ठाकुरगंज ओमवीर सिंह ने बताया कि आबिद अपनी मां के साथ फ्लैट नंबर 106 में रहते थे।

बुधवार देर रात कमरे से गोली चलने की आवाज सुनकर ताहिन नकवी कमरे में गईं। बाथरूम में झांकने पर खून से लथपथ आबिद को देख वह चीख पड़ी। पड़ोसियों की मदद से पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पुष्टि की कि आबिद के पेट में गोली लगी थी। घर से अवैध देशी पिस्टल बरामद की गई।

छानबीन में कमरे में डिप्रेशन की गोलियां भी मिलीं। परिवार ने बताया कि आबिद प्रॉपर्टी का काम करते थे और कई बिल्डिंग व जमीनों में अपने पैसों के साथ कर्ज लेकर लाखों रुपये का निवेश किया था। घाटा होने और निवेश में नुकसान के कारण वह लंबे समय से अवसाद में थे।

कहां से आबिद को मिली थी अवैध पिस्टल

इंस्पेक्टर ओमवीर सिंह ने बताया कि आबिद के पास कोई लाइसेंसी असलहा नहीं था। मौके से बरामद पिस्टल देशी है। पुलिस जांच कर रही है कि आबिद को पिस्टल कहां और किससे मिली थी। माना जा रहा है कि उन्होंने आत्महत्या की तैयारी पहले ही कर ली थी।

बेटी संग मायके में रहती है पत्नी

इंस्पेक्टर ने बताया कि छह साल पहले आबिद का निकाह सरफराज गंज निवासी असमत से हुआ था। उनकी एक बेटी है। मां ने पुलिस को बताया कि शादी के डेढ़ वर्ष बाद से पत्नी असमत बेटी के साथ मायके में रह रही थी। इस पारिवारिक स्थिति ने आबिद पर तनाव बढ़ाया था।

बर्थडे में शामिल हुई थी पत्नी

पुलिस ने घटनास्थल पर छानबीन के दौरान यह पता लगाया कि दो दिन पहले आबिद का जन्मदिन था। बर्थडे पार्टी में पत्नी असमत और बेटी शामिल हुई थीं। मां ने बताया कि इस मौके पर पत्नी और बेटी को देखकर आबिद खुश था, लेकिन पारिवारिक तनाव और आर्थिक परेशानियों के चलते उनका मनोबल कमजोर था। पुलिस अब मामले की गहन जांच कर रही है और घर से बरामद पिस्टल व गोलियों की शिनाख्त कर रही है।

संबंधित समाचार