मथुरा : पटाखे जलाने को लेकर विवाद में हुए खूनी संघर्ष, विवाहिता की मौत, मां जख्मी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मथुरा। मथुरा जिले के एक गांव में बच्चों द्वारा पटाखे जलाये जाने के दौरान हुए मामूली झगड़े ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया, फलस्वरूप एक महिला की मौत हो गयी एवं एक अन्य घायल हो गयी। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर सात नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

नगर क्षेत्र के अपर पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार सिंह ने बताया कि बुधवार देर रात जैंत गांव के टीकेन्द्र सिंह ने थाने में शिकायत दर्ज कराई कि पुरानी रंजिश के चलते आरोपी मनोहर समेत सात व्यक्तियों ने उनके बच्चों द्वारा पटाखे चलाने पर झगड़ा किया।

उन्होंने बताया कि टीकेन्द्र के मुताबिक इसकी शिकायत करने जब उसकी पत्नी सरोज और पुत्री साधना (24) उनके घर गईं तो उन लोगों ने शिकायत सुने बिना छत से पत्थर बरसाना शुरु कर दिया। सिंह के अनुसार पथराव से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं तथा अस्पताल ले जाते समय रास्ते में साधना ने दम तोड़ दिया।

अपर पुलिस अधीक्षक का कहना है कि साधना घटना से कुछ ही समय पहले भाई-दूज का त्योहार मनाने के लिए ससुराल से मायके आई थी। उसकी मां की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है। सिंह ने बताया कि इस मामले में सात लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही की जा रही है। 

संबंधित समाचार