सरयू तट पर छठ उत्सव मनाएंगी हजारों सुहागिनें, नहाए खाए के साथ शुरू होगा पर्व का आरंभ
अयोध्या, अमृत विचार : देश भर में छठ पूजा का महाव्रत 25 अक्टूबर से प्रारंभ हो रहा है। परम्परागत रूप से नहाए खाए के साथ महा अनुष्ठान की प्रक्रिया शुरू होंगी। 28 अक्टूबर को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ पर्व का समापन होगा। सरयू तट पर छठ महोत्सव के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। नगर निगम ने घाटों की सफाई के लिए बड़ी संख्या में कर्मियों को लगाया है। इसके अलावा प्रकाश की व्यवस्था भी व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।
छठ महापर्व बहुत ही कठिन व्रत होता है। इसमें व्रती महिलाएं पहले दिन नहाए खाए के साथ चार दिन का महाअनुष्ठान प्रारंभ करती हैं। व्रती महिलाएं 36 घंटे निर्जल व्रत रहती हैं। महापौर गिरीश पति त्रिपाठी ने बताया कि घाटों की साफ-सफाई के लिए बड़ी संख्या में सफाई कर्मियों को लगाया गया है। उन्होंने बताया कि सरयू के किनारे घाटों की सफाई शुरू की जाएगी।
छठ पूजा में शामिल होने वाली व्रती महिलाओं को असुविधा ना हो पूरी तत्परता के साथ नगर निगम द्वारा व्यवस्थाएं की जा रही है। बिहार से निकलकर छठ पूजा की परंपरा अब अंतरराष्ट्रीय पहचान बन रही है। बीते दिनों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा मन की बात के 126वें में एपिसोड में छठ पूजा महोत्सव का भी जिक्र किया गया था।इसलिए यह एक ग्लोबल फेस्टिवल बन गया है।
छठ पूजा को लेकर घाटों पर होगी व्यवस्था
दीपोत्सव और दीपावली के बाद अब कार्तिक पूर्णिमा और परिक्रमा मेले की तैयारी है। इसके पहले छठ पूजा का पर्व मनाया जाएगा। इसके लिए सरयू के घाटों की व्यवस्था की जानी है। प्रशासन के स्तर पर इन मेलों के लिए शांति व सुरक्षा को लेकर मजिस्ट्रेटों को तैनात किए जाने की कवायद शुरू कर दी गई है। परिक्रमा पथ पर फोकस है। समय पर परिक्रमा पथ को तैयार करना फिलहाल सबसे अहम काम माना जा रहा है। पूरे परिक्रमा पथ पर मजिस्ट्रेटों के साथ पुलिस अफसरों की तैनाती की जाएगी। फोर्स की जरूरत होगी। परिक्रमा के बाद कार्तिक पूर्णिमा स्नान के लिए लाखों की संख्या में श्रद्धालु अयोध्या पहुंचते हैं।
शांति व सुरक्षा को लेकर मजिस्ट्रेट किए जाएंगे तैनात
मेले में परिक्रमा पथ को तैयार करना सबसे अहम काम माना जा रहा है। इसका चौड़ीकरण और सुंदरीकरण किया जा रहा है। पथ पर काम के चलते ऊबड़-खाबड़ हो गया है। काम में तेजी है, लेकिन समय पर नंगे पांव चलने लायक बना पाना बहुत आसान नहीं है। जगह-जगह काम की वजह से यह आसान नहीं है। कई बार अफसरों ने दौरा किया। निर्देश दिए। अपर जिलाधिकारी व मेलाधिकारी योगानंद पांडेय ने बताया कि तैयारी को अंतिम रूप दिया जा रहा है। तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएंगी।
यह भी पढ़े : मौसम में उतार चढ़ाव... नवंबर में जोर पकड़ेगी ठंड, तापमान बढ़ने के पीछे पटाखों से प्रदूषण और कई अन्य कारण
