बाराबंकी : हिस्ट्रीशीटर ने सौतेली बेटी का चाकू से गला रेतकर की हत्या, इलाके में हड़कंप
देवा/बाराबंकी, अमृत विचार। कस्बा देवा के मोहल्ला जमाल कमाल तकिया में गुरुवार की आधी रात उस समय हड़कंप मच गया जब शराब के नशे में धुत हिस्ट्रीशीटर हफीजउल्ला ने अपनी 16 वर्षीय सौतेली पुत्री जोया पुत्री रियाज का चाकू से गला रेतकर बेरहमी से कत्ल कर दिया।
वारदात के बाद आरोपी ने अपनी तीनों नाबालिग बेटियों को धमकाया कि अगर उन्होंने सच्चाई बताई तो उन्हें भी जान से मार देगा, और कहा कि पुलिस से कहना कि हत्या इम्तियाज ने की है सूचना मिलते ही देवा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय भी रात में ही मौके पर पहुंचे और जांच के बाद आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस ने हफीजउल्ला को हिरासत में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है l
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि हफीजउल्ला कोई सामान्य व्यक्ति नहीं, बल्कि कुख्यात हिस्ट्रीशीटर अपराधी है। उसके खिलाफ गोकशी समेत कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। कुछ समय पहले जहांगीराबाद और नगर कोतवाली पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा था, जहां से वह हाल ही में छूटकर घर लौटा था जिसके बाद गुरुवार की रात भी उसने यह खौफनाक वारदात को अंजाम दे दिया पुलिस के अनुसार, मृतका की मां जुबैदा पहले रियाज की पत्नी थीं, जिससे उसे छह बच्चे हुए थे। एक पुत्र की मृत्यु हो चुकी है, दो बेटियों की शादी हो गई है और एक बेटा लखनऊ में रहता है।
पति की मौत के बाद जुबैदा ने हफीजउल्ला से दूसरी शादी कर ली थी, जिससे उसकी तीन बेटियां हैं। गुरुवार की रात जुबैदा अपने दूसरे पति हफीजउल्ला के साथ छत पर सोई थी, जबकि नीचे कमरे में उसकी तीनों बेटियां और सौतेली पुत्री जोया लेटी थीं। बगल के कमरे में उसका बेटा इम्तियाज और उसकी पत्नी भी सो रहे थे रात करीब 12 बजे हफीजउल्ला शराब के नशे में नीचे आया और सोती हुई जोया का गला रेत दिया। खून से लथपथ जोया की मौके पर ही मौत हो गई। बगल में सो रहीं तीनों लड़कियां जब चीखने लगीं तो आरोपी ने उन्हें धमकाकर चुप करा दिया।
बताया जाता है कि शोर सुनकर बगल वाले कमरे में सो रहा इम्तियाज भी जाग गया, जिसके बाद मोहल्ले के लोग इकट्ठा हो गए और पुलिस को सूचना दी गई घटना की खबर मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके से सबूत जुटाए और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि आरोपी पर पहले से कई संगीन धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं और उसकी पुरानी आपराधिक गतिविधियों की जांच भी कराई जा रही है पड़ोसियों का कहना है कि जोया बहुत ही शांत और आज्ञाकारी लड़की थी वह किसी से ऊंची आवाज़ में बात तक नहीं करती थी घटना के बाद पूरे मोहल्ले में मातम और गुस्सा व्याप्त है।
