मुरादाबाद : भाई दूज पर रोडवेज बसों में उमड़ी यात्रियों की भीड़, बहनों को भाइयों के घर पहुंचने में हुई दिक्कतें

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

पीतल नगरी डिपो पर यात्रा करने के लिए पहुंची महिलाएं

मुरादाबाद, अमृत विचार: भाई दूज के पावन अवसर पर सुबह से ही रोडवेज बस अड्डों पर यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। अपने भाइयों के घर जाने के लिए बड़ी संख्या में बहनें बस अड्डों पर पहुंचीं,जिससे बसों में जगह तो दूर कुछ बसों से डिपो भी खाली नजर आए। त्योहार को देखते हुए उत्तर प्रदेश राज्य परिवहन निगम ने पहले से ही बसों की संख्या बढ़ाने और अतिरिक्त सेवाएं चलाने की तैयारी की थी। हालांकि, सुबह से ही कुछ रूटों पर बसों के विलंब से पहुंचने और तकनीकी कारणों के चलते यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा।

गुरुवार को रोडवेज के मुरादाबाद और पीतल नगरी डिपो रोडवेज डिपो पर सुबह 6 बजे से ही बहनों की भीड़ बढ़नी शुरू हो गई थी। जैसे-जैसे दिन चढ़ा, बस स्टैंड यात्रियों से खचाखच भर गया। मुख्य सेवा प्रबंधक एवं क्षेत्रीय प्रबंधक मुरादाबाद परिक्षेत्र अनुराग यादव ने बताया कि डिपो प्रशासन ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कर्मचारियों की अतिरिक्त ड्यूटी लगाई, लेकिन अचानक बढ़े यात्री दबाव के कारण कई बसों को ओवरलोड होकर रवाना होना पड़ा। लेकिन बसों के देर से आने के कारण कई यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने अनावश्यक समय लग गया। वहीं, कुछ यात्रियों ने बताया कि त्योहारों के समय पर्याप्त बसें न होने से हर साल ऐसी स्थिति बन जाती है।उन्होंने बताया कि त्योहारों के मद्देनजर यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त बसें चलाई जा रही हैं,और सभी प्रमुख रूटों पर निगरानी रखी जा रही है। बसों के संचालन में किसी प्रकार की बाधा न आए, इसके लिए परिवहन कर्मी लगातार सक्रिय हैं।भीड़ और अव्यवस्था के बीच भी बस अड्डे पर त्योहार की रौनक देखने लायक थी। बस मिलने पर अपने भाइयों से मिलने की खुशी में बहनों के चेहरे खिले दिखाई दिए। कई महिलाएं मिठाई और पूजा सामग्री लेकर बसों में सवार होती दिखीं।

संबंधित समाचार