UP News: एआई से बदलेगा क्रिटिकल केयर का भविष्य, SGPGI में एनेस्थीसियोलॉजी विभाग का मनाया गया 38वां स्थापना दिवस 

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

लखनऊ/पीजीआई, अमृत विचार: संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) के एनेस्थीसियोलॉजी विभाग का शुक्रवार को 38वां स्थापना दिवस मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित प्रो सोमा कौशिक स्मृति व्याख्यान में डॉ. राजेश कुमार पांडे ने कहा कि आने वाले समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) क्रिटिकल केयर की दिशा और दशा दोनों बदल देगा। उन्होंने बताया कि एआई गंभीर रोगियों की निगरानी और उपचार में अभूतपूर्व परिवर्तन लाने जा रहा है।

संस्थान के निदेशक प्रो आरके धीमन ने विभाग की उपलब्धियों की सराहना की, जबकि डीन प्रो शालीन कुमार ने नए पाठ्यक्रमों को लेकर प्रशंसा व्यक्त की। विभागाध्यक्ष प्रो प्रभात तिवारी ने स्थापना से आज तक विभाग की प्रगति यात्रा साझा की।

विभाग के उत्कृष्ट कर्मी हुए सम्मानित

सर्वश्रेष्ठ फैकल्टी का पुरस्कार डॉ. वंश प्रिया को मिला, जबकि डॉ. कोल्लि अजीत कुमार को सर्वश्रेष्ठ जूनियर रेजिडेंट सम्मानित किया गया। महेंद्र कुमार वर्मा, सरिता श्रीवास्तव, अमित यादव और अमित तिवारी को क्रमशः सर्वश्रेष्ठ ऑफिस स्टाफ, नर्सिंग ऑफिसर, टेक्निकल ऑफिसर और आउटसोर्स नर्सिंग ऑफिसर सम्मान से नवाजा गया। खेलकूद श्रेणी में नितिन त्रिवेदी को सम्मान मिला।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रमिला, श्रद्धा, रुची, शिवानी और किरण ने मां सरस्वती की वंदना प्रस्तुत कर वातावरण भक्तिमय बनाया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में डॉ. संदीप खूबा, डॉ. सुरुची, डॉ. सपना यादव, डॉ. दिव्या अरोड़ा, डॉ. लैराब शेख, रेजिडेंट्स और तकनीकी स्टाफ का विशेष योगदान रहा। राजीव सक्सेना ने भी आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

संबंधित समाचार