गुर्जर गैंग का कहर: हाइवे पर दौड़ाकर युवक को पीटा, वीडियो वायरल

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

लखनऊ/निगोहां, अमृत विचार: साउथ जोन में गुर्जर गैंग का आतंक बढ़ता जा रहा है। निगोहां थाने से चंद कदमों की दूरी पर गुर्जर गैंग के आधा दर्जन से अधिक युवकों ने हाइवे पर एक युवक को दौड़ा कर पीटा और खुद वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। पीड़ित घायल हो गया। आरोपियों ने खुद को गुर्जर गैंग का सदस्य बताते हुए धमकी दी। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

निगोहां के करनपुर निवासी संजय रावत ने बताया कि उसका भाई आशीष 13 अक्टूबर को मोहनलालगंज के बिंदौवा गांव में बहन के मुंडन कार्यक्रम में गया था। वहां आशीष और अनुज रावत के बीच विवाद हुआ। इसके बाद अनुज ने साथियों को बुलाकर आशीष और सरोज को पीटा। गुरुवार को संजय को निगोहां कस्बे में घेरकर हाइवे पर लात-घूंसों और डंडों से मारा गया।

पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए भेजा। एसओ निगोहां अनुज तिवारी ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।

एक कॉल पर जुटते हैं गुर्जर गैंग के गुर्गे

13 अक्टूबर को मोहनलालगंज के बिंदौवा गांव में सांस्कृतिक कार्यक्रम में देर रात तक डीजे बजाने और अश्लील गानों पर डांस की मांग पूरी न होने पर गुर्जर गैंग-7299 से जुड़े दबंगों ने बवाल किया। आरोपियों की कॉल पर जुटे दर्जनों गुर्गों ने आयोजकों से अभद्रता की और पुलिस से भी झगड़ा किया। विरोध करने पर उन्होंने पुलिस की गाड़ियों और अन्य वाहनों में तोड़फोड़ की। पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया था।

संबंधित समाचार