बरेली: बाउंसर के दम पर वसूली, अखाड़ा बन गये शहर के प्रीपेड पार्किंग स्थल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बरेली। शहर के प्रीपेड वाहन पार्किंग स्थल अखाड़े में तब्दील होते जा रहे हैं। बाउंसर के दम पर हो रही वसूली व्यापारियों को रास नहीं आ रही है क्योंकि उनकी दुकानदारी प्रभावित हो रही है। इसके कारण नौबत मारपीट तक आ रही है। इसके बावजूद दो जगहों पर प्रीपेड वाहन पार्किंग व्यवस्था जारी …

अमृत विचार, बरेली। शहर के प्रीपेड वाहन पार्किंग स्थल अखाड़े में तब्दील होते जा रहे हैं। बाउंसर के दम पर हो रही वसूली व्यापारियों को रास नहीं आ रही है क्योंकि उनकी दुकानदारी प्रभावित हो रही है। इसके कारण नौबत मारपीट तक आ रही है। इसके बावजूद दो जगहों पर प्रीपेड वाहन पार्किंग व्यवस्था जारी है। नगर निगम अब शहर में अन्य पार्किंग स्थलों को भी ठेके पर देने की तैयारी कर चुका है। आय बढ़ाने के चक्कर में नगर निगम पार्किंग स्थलों पर वाहन खड़े करने के बदले शुल्क वसूलने पर जोर दे रहा है। शहर के एलन क्लब और सिविल लाइंस के पास बनी पार्किंग में ठेकेदार ने बाउंसर के दम पर वसूली जारी रखी।

नगर निगम की नई योजना के अनुसार इसी माह में नगर निगम की रोड साइड पार्किंग के लिए चौपुला चौराहे से माल गोदाम रोड, प्रभा टाकीज से गांधी उद्यान के बीच और गांधी उद्यान से श्यामगंज रोड पर मानसिक अस्पताल के सामने पार्किंग स्थलों को भी ठेके पर देने जा रहा है। चौपुला चौराहे से अयूब खां चौराहे के बीच वाहन पार्किंग को ठेके पर दे दिया जाएगा।

इसके कारण यहां भी वाहन खड़ा करने वाले लोगों को चारपहिया वाहन पार्किंग स्थल में खड़ा करता है तो केवल चार घंटे के लिए 50 रुपये देने होंगे। तीन पहिया वाहनों के 30, बाइक के 10 और साइकिल वालों से तीन रुपये लिए जा रहे हैं। अगर चार घंटे से अधिक हो गया तो इस धनराशि में बढ़ोतरी हो जाएगी। शुल्क न देने की स्थिति में वाहन नहीं खड़ा कर सकेंगे। व्यापारियों का तर्क यह है कि जब नगर निगम ने पार्किंग बनाई तो शुल्क न लेने की बात कही थी। प्रीपेड व्यवस्था से ग्राहक दुकान पर आने से परहेज कर रहे हैं जिसके कारण कारोबार प्रभावित हो रहा है।

दुकानदारों से व्यावसायिक कर, डोर टु डोर कूड़ा कलेक्शन का शुल्क लिया जा रहा है। इसके बाद भी दुकान पर आ रहे ग्राहकों से वाहन पार्किंग शुल्क लिया जा रहा है। यह व्यापारियों का शोषण है। नगर निगम शहरवासियों को मूलभूत सुविधा उपलब्ध कराने के लिए बाध्य है। प्रीपेड वाहन पार्किंग की व्यवस्था को समाप्त किया जाना चाहिए। – राजेश अग्रवाल, नेता पार्षद दल सपा

नगर निगम को चाहिए कि पहले कार पार्किंग की व्यवस्था करे। प्रीपेड पार्किंग का व्यापारियों पर बड़ा असर पड़ रहा है। इस समस्या का निदान होना चाहिए। हम सभी इसका विरोध करते हैं। इसे समाप्त करने के लिए मेयर से शिकायत की जाएगी। जिम्मेदार अफसरों को भी इस समस्या को गंभीरता से लेना चाहिए। -दर्शन लाल भाटिया, चेयरमैन, उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल

प्रीपेड वाहन पर्किंग को लेकर विरोध के मामले को गंभीरता से लिया गया है। इसके लिए व्यापारी संगठन से बात की जाएगी। एक-दो दिन में समस्या का निदान कर दिया जाएगा। शहर के किसी दुकानदार को परेशान नहीं होने दिया जाएगा। वाहन पार्किंग व्यवस्था को ठीक करने के लिए नये सिरे से प्रयास किया जाएगा। आने वाले समय में बेहतर कार पार्किंग शहर के लोगों के लिए उपलब्ध होगी। – डा. उमेश गौतम, मेयर

संबंधित समाचार