Bareilly : अक्टूबर समाप्ति की ओर, बरेली-कुशीनगर फ्लाइट पर संशय बरकरार
बरेली, अमृत विचार। बरेली एयरपोर्ट से कुशीनगर के लिए फ्लाइट संचालन के इंतजार में अक्टूबर माह भी समाप्त होने को आया, लेकिन संशय के बादल नहीं छंटे हैं। पिछले साल से कागजों में ही फ्लाइट संचालन की तैयारियां चलने की चर्चा होती रही। एयरक्राफ्ट खरीदे जाने के बावजूद जेटविंग्स कंपनी के अधिकारी डीजीसीए (नागर विमानन महानिदेशालय) से एयरक्राफ्ट को भारत लाने के लिए अनुमति नहीं ले सके हैं। अब नवंबर माह में अनुमति मिलने की बात एयरपोर्ट के अधिकारी कह रहे हैं।
कुशीनगर उड़ान भरने के लिए बरेलीवासियों को अभी और इंतजार करना पड़ेगा। बरेली से कुशीनगर के बीच 72 सीटर एयरक्राफ्ट उड़ान भरेगा। बरेली से कुशीनगर के बीच फ्लाइट शुरू होने की चर्चा पिछले साल मार्च के बाद शुरू हुई थी। जेटविंग्स कंपनी ने कुशीनगर के लिए फ्लाइट शुरू करने के लिए सर्वे किया।
बरेली से कुशीनगर के लिए एयर ट्रैफिक ठीक मिलने पर उड़ान शुरू कराने की हामी भरी, लेकिन डेढ़ साल बाद भी उड़ान शुरू नहीं हुई। एयरपोर्ट के अधिकारी भी कुशीनगर फ्लाइट संचालन को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं कर पा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि डीजीसीए की मंजूरी के बाद ही एयरक्राफ्ट भारत लाने और उड़ान शुरू करने के संबंध में सभी औपचारिकताएं पूरी की जा सकेंगी।
