आगरा में सर्राफा कारोबारी के बेटे का अपहरण: पुलिस ने 8 घंटे में किया रेस्क्यू, मुठभेड़ में गिरफ्तार दो आरोपी
आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा में शुक्रवार को अपहृत सर्राफा कारोबारी का बेटा पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस के मुताबिक सर्राफा कारोबारी सोनू के चार वर्षीय पुत्र जय के अपहरण करने की योजना उसके चाचा गगन ने साथियों के साथ मिलकर बनाई थी।
पुलिस की कार्रवाई का दबाव बना था, लिहाजा आठ घंटे के अंदर ही अपहरणकर्ता जय को घर के पास ही छोड़ कर फरार हो गए थे। चार लोगों ने मिलकर जय का अपहरण किया था और अपहरणकर्ताओं से थाना एत्माउद्दौला इलाके में बीती रात को पुलिस से मुठभेड़ भी हुई।
पुलिस से मुठभेड़ में बदमाश सत्य प्रकाश और साबिर के पैर में गोली लगी है। दोनों घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। जय को अगवा करने की योजना बनाने वाला मास्टरमाइंड चाचा गगन और उसका चौथा साथी आकाश अभी भी फरार है।
दरअसल शुक्रवार को एत्माउद्दौला के गढ़ी चांदनी में दोपहर डेढ़ बजे जय अपनी दादी के घर जा रहा था, तभी रास्ते में से जय को अगवा कर लिया गया था। एक व्यक्ति ने जय को बातों में फंसाया और उंगली पकड़ कर ले गया था। उंगली पकड़ कर ले जाते हुए सीसीटीवी कैमरे में भी दिखाई दिया था।
जय के पिता सोनू से व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से ढाई लाख रुपए की फिरौती भी मांगी गयी थी। जय की तलाश में पुलिस की दस टीमों का गठन किया गया। तीन थानों का फोर्स में भी लगाया गया ताकि जय को सकुशल बरामद कर लिया जाए। पुलिस का जब दबाव बना तो शुक्रवार को ही देर शाम करीब नौ बजे अपहरणकर्ता जय को उसी के घर के पास छोड़ गए थे। पुलिस ने जय को बरामद करके सकुशल परिवार को सौंप दिया है।
ये भी पढ़े :
