Gonda News: तेज रफ्तार का कहर... भीषण सड़क हादसे में दो साल के मासूम समेत तीन की मौत
गोंडा, अमृत विचार: भाईदूज के दिन गोंडा बलरामपुर मार्ग पर हुई कार व बस की भिडंत में घायल हुए 2 वर्षीय गणेश उर्फ डुग्गू की इलाज के दौरान मौत हो गयी। घायल डुग्गू को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां हालत बिगड़ने पर उसे लखनऊ रेफर किया गया था। लखनऊ के चंदन हॉस्पिटल में इलाज के दौरान डुग्गू ने शनिवार की सुबह दम तोड़ दिया।
इस हादसे में डुग्गू की मां हिना उर्फ आंचल व बड़े पापा नीरज श्रीवास्तव की पहले ही मौत हो चुकी है। डुग्गू की मौत के बाद इस हादसे में मरने वालों की संख्या बढकर तीन हो गयी है। वहीं हादसे में घायल दो अन्य बच्चों अयान व मोनी का अभी इलाज चल रहा है।
भाई दूज के दिन हुआ था हादसा
बलरामपुर जिले के पूरब टोला दे रहने वाले नीरज भाई दूज पर्व पर कार से अपनी बहन के घर अयोध्या जा रहे थे। बहन के घर से अयोध्या दर्शन का भी कार्यक्रम था इसलिए साथ में पत्नी रूषी, बेटा अयान, छोटे भाई अविनाश की पत्नी हिना उर्फ आंचल, उसका बेटा गणेश उर्फ डुग्गू तथा बेटी मोनी भी साथ में थी।
वह गोंडा बलरामपुर मार्ग पर गिलौली को समीप उनकी कार सामने से आ रही रोडवेज बस ने टकरा गयी थी। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए थे और कार सवार नीरज तथा उनके छोटे भाई के पत्नी हिना उर्फ आंचल की मौके पर ही मौत हो गयी थी। जबकि तीनों बच्चे डुग्गू, मोनी व अयान गंभीर रूप से घायल हो गए थे। सीट बेल्ट लगा होने के कारण इस भीषण हादसे में मृतक नीरज की पत्नी रूषी सुरक्षित बच गयी थी। घायल डुग्गू, मोनी व अयान को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां शुक्रवार को डुग्गू की हालत बिगड गयी थी और उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया था। शनिवार की सुबह इलाज के दौरान डुग्गू ने भी दम तोड़ा दिया।
