Rampur : डेंगू के अभी तक 14 मरीज मिले, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट
रामपुर, अमृत विचार। डेंगू के डंक से लोगों की जान पर बनी है, अभी तक 14 मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें जांच ही कर रही हैं। मसवासी के मोहल्ला चाऊपुरा में युवक की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोगों को जागरूक करने में जुटी हैं।
डेंगू से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है और एंटी लार्वा का छिड़काव एवं फॉगिंग कराई जा रही है। गांवों में सफाई व्यवस्था ध्वस्त होने से गांवों में बुखार फैल रहा है। जिला अस्पताल में शुक्रवार को करीब 1200 मरीजों की ओपीडी हुई। डेंगू को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट है और सभी लैब संचालकों से कहा गया है कि डेंगू आशंकित रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मसवासी में मुकेश की मौत के बाद गांव पहुंची और मरने वाले के परिजनों से बातचीत की।
इसके अलावा गांव में शिविर लगाकर लोगों के रक्त की जांच की गई। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. दीपा सिंह ने बताया कि डेंगू से निपटने के लिए जिले भर में शिविर लगाकर बुखार से पीड़ित लोगों के रक्त की जांच कराई जा रही है। इसके अलावा गांवों में एंटी लार्वा का छिड़काव कराए जाने के अलावा फॉगिंग कराई जा रही है। बताया कि शिविर के माध्यम से लोगों को जागरूक भी कराया जा रहा है।
डेंगू से बचने के उपाय
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. बीसी सक्सेना ने बताया कि डेंगू का मच्छर दिन के समय काटता है, इसीलिए दिन में मच्छरों से खुद को बचाएं। घर के आसपास या घर के अंदर पानी नहीं जमने दें। कूलर, गमला, टायर इत्यादि में जमा पानी को तुरंत बहा दें। कूलर में यदि पानी है तो इसमें मिट्टी का तेल डालें, जिससे कि मच्छर पनप नहीं पाएं। मच्छरदानी का प्रयोग करें और पूरी आस्तीन की शर्ट पहनें। पानी की टंकियों को सही तरीके से ढक कर रखें। बुखार आने पर नजदीकी डॉक्टर से सहायता लें और खून में प्लेटलेट्स की जांच करवा लें।
