बहराइच में युवक की गला रेतकर हत्या, बरामदे में मिला खून से लथपथ शव
बहराइच। उत्तर प्रदेश में बहराइच जिले के खैरीघाट क्षेत्र के अलीनगर कला गांव में शनिवार की सुबह एक व्यक्ति की गला रेतकर हत्या कर दी गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि सुबह करीब छह बजे अलीनगर कला निवासी जाकिर अली (35) का खून से लथपथ शव उनके ही बरामदे में पड़ा मिला। उस समय परिजन घर के अंदर सो रहे थे।
स्थानीय लोगों ने आशंका जताई कि जाकिर की हत्या कहीं और कर शव को बरामदे में फेंका गया है। मृतक अपने पीछे पत्नी हसीना, दो पुत्र और तीन पुत्रियों को छोड़ गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष राशिद अली खान ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला गला रेतकर हत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
