बरेली: रैगिंग के आरोपी छात्र ने दाखिल की जमानत की अर्जी
अमृत विचार, बरेली। बरेली कॉलेज में एलएलबी के छात्र से रैगिंग के आरोपी छात्र ने कोर्ट में जमानत के लिए अर्जी डाली है। जमानत पर सुनवाई सोमवार को होगी। वहीं, इस मामले में एंटी रैगिंग कमेटी की ओर से भेजे गए नोटिस के जवाब भी सोमवार तक देने होंगे। नोटिस के जवाब मिलने पर एंटी …
अमृत विचार, बरेली। बरेली कॉलेज में एलएलबी के छात्र से रैगिंग के आरोपी छात्र ने कोर्ट में जमानत के लिए अर्जी डाली है। जमानत पर सुनवाई सोमवार को होगी। वहीं, इस मामले में एंटी रैगिंग कमेटी की ओर से भेजे गए नोटिस के जवाब भी सोमवार तक देने होंगे। नोटिस के जवाब मिलने पर एंटी रैगिंग कमेटी की बैठक होगी और बैठक के बाद निर्णय लिया जाएगा। पुलिस मामले में छात्र के बयान के आधार पर अन्य आरोपी छात्रों के नाम व धाराएं भी बढ़ा सकती है।
बरेली कॉलेज में 3 दिसंबर को एलएलबी प्रथम सेमेस्टर के छात्र वंश चतुर्वेदी से सीनियर छात्रों ने परिचय के नाम पर रैगिंग की थी। इस मामले की वंश ने प्राचार्य से शिकायत की थी। इसके बाद प्राचार्य ने सीनियर छात्र राशिद मेवाती का प्रवेश कॉलेज में प्रतिबंधित कर दिया था और मामला एंटी रैगिंग कमेटी के पास भेज दिया था। एंटी रैगिंग कमेटी के संयोजक प्रोफेसर एचवी गौतम ने एक सप्ताह के अंदर जांच से पहले ही प्राचार्य ने सहयोग न करने का आरोप लगाते हुए इस्तीफा दे दिया था।
इसके बाद प्राचार्य ने प्रोफेसर राकेश कुमार गुप्ता को संयोजक बनाकर जांच सौंपी थी। उन्होंने इस मामले में पीड़ित छात्र वंश चतुर्वेदी, उसके दो साथियों (गवाहों), आरोपी छात्र राशिद मेवाती व दो अन्य, विधि विभाग के विभागाध्यक्ष, शिक्षिका समेत 10 लोगों को नोटिस भेजे हैं। कमेटी ने जब नोटिस भेजने के लिए छात्रों के पते कॉलेज प्रशासन से मांगे तो सामने आया कि जिन विद्यार्थियों पर आरोप लगे हैं उनके असली नाम कुछ और हैं और कॉलेज में वह दूसरे नाम से जाने जाते हैं। सभी से 14 दिसंबर तक जवाब देने को कहा है।
इस मामले में पुलिस ने 4 दिसंबर को रिपोर्ट दर्ज की थी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की थी। इसके चलते राशिद ने कोर्ट में जमानत अर्जी दाखिल कर दी। शनिवार को सुनवाई होनी थी लेकिन नहीं हुई। अब सोमवार को सुनवाई होगी। इस मामले में शनिवार को चौकी इंचार्ज ने पीड़ित छात्र के बयान लिए थे। वंश ने डीआईजी से मिलकर भी सुरक्षा की मांग की थी।
