लखीमपुर खीरी: जमीन विवाद में दो पक्षों के बीच जमकर चले लाठी-डंडे, कई घायल
मझगईं, अमृत विचार। थाना क्षेत्र के बौधिया खुर्द गांव में शनिवार सुबह जमीन को लेकर उपजे विवाद में दो पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों में जमकर मारपीट हुई। लाठी-डंडे और धारदार हथियार चले। इस संघर्ष में दोनों पक्षों से छह से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनमें तीन की हालत गंभीर बनी हुई हैं। घायलों को सीएचसी पलिया भेजा गया है।
घटना सुबह करीब छह बजे की है। एक पक्ष के कामता का कहना है कि विपक्षी रामगोपाल सार्वजनिक रास्ते पर कब्जे का प्रयास कर रहे थे। जब उन्होंने मना किया तो गाली गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर राम गोपाल ने अपने परिवार के ही देशराज, गुमानी और बब्लू के साथ बांका और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में कामता के सिर और शरीर के अंदरूनी हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। उधर दूसरे पक्ष के धनीराम पुत्र रामगोपाल ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि शनिवार सुबह लगभग सात बजे गांव के अमित कुमार, सत्यराम, गंगाराम और सेवकराम पुत्र कामता प्रसाद विवादित भूमि पर कब्जा करने की नीयत से पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। जब धनीराम के पिता रामगोपाल ने विरोध किया तो आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
हमले में रामगोपाल और उनके परिवार के अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पहले स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र भर्ती कराया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल भेजा गया। धनीराम ने बताया कि आरोपी लगातार जान से मारने की धमकी दे रहे हैं, जिससे परिवार दहशत में है। प्रभारी निरीक्षक राजू राव ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर मिली है। जिसके आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
