Bareilly : स्मार्ट सिटी के प्रोजेक्ट में लेटलतीफी पर एडटेक को नोटिस
बरेली, अमृत विचार। स्मार्ट सिटी के कार्यों में लेटलतीफी पर नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य की त्योरियां चढ़ गई हैं। उन्होंने मल्टी लेवल कार पार्किंग, फूड कोर्ट और लाइट एंड साउंड शो के संचालन की जिम्मेदारी लेने वाली संस्था एड टेक प्रिंट एंड मीडिया प्राइवेट लिमिटेड को सात दिन में बकाया जमा करने का अल्टीमेटम दिया है, अन्यथा फर्म को ब्लैक लिस्ट करने की चेतावनी दी है।
स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट में लापरवाही और भ्रष्टाचार की कहानियां अब आम हो गई हैं। मामला मल्टी लेवल कार पार्किंग, फूड कोर्ट और लाइट एंड साउंड शो के संचालन का है, जिसका अनुबंध एड टेक प्रिंट एंड मीडिया प्राइवेट लिमिटेड के साथ किया गया था। एग्रीमेंट के मुताबिक, परियोजना को तीन महीने में पूरा करना था, लेकिन 11 महीने बीत जाने के बाद भी न तो पार्किंग तैयार हुई है और न ही फूड कोर्ट शुरू हो पाया है। इतना ही नहीं, नगर निगम को मिलने वाली 7.98 लाख की क्वार्टर लाइसेंस फीस भी जमा नहीं की।
इस पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए स्मार्ट सिटी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी व नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने एड टेक प्रिंट एंड मीडिया प्राइवेट लिमिटेड को नोटिस जारी कर सात दिन के भीतर बकाया धनराशि जमा करने और निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय में काम पूरा नहीं किया गया तो फर्म की जमानत राशि जब्त कर अनुबंध निरस्त कर दिया जाएगा और कंपनी को ब्लैकलिस्ट किया जाएगा। नगर आयुक्त संजीव कुमार का कहना है कि फर्म को तीन माह में निर्माण कार्य पूरा कर परियोजना को सुचारू रूप से संचालित करना था।
