Bareilly : सीएम ग्रिड योजना...शर्मा कंस्ट्रक्शन को तीन दिन का अल्टीमेटम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। सीएम ग्रिड योजना के दूसरे चरण में आश्वासन के बावजूद काम शुरू नहीं करने और लापरवाही बरतने पर गाजियाबाद की कार्यदायी संस्था शर्मा कंस्ट्रक्शन पर नगर निगम ने सख्ती शुरू कर दी है। एजेंसी को तीन दिन में काम शुरू करने का अल्टीमेटम दिया गया है। अगर एजेंसी इसके बाद भी काम शुरू नहीं करती है, तो उसे ब्लैक लिस्ट में डाल दिया जाएगा और सारे अनुबंध निरस्त कर दिए जाएंगे। साथ ही एजेंसी के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया जा सकता है।

जानकारी के अनुसार शासन ने योजना के लिए 35 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी थी और एजेंसी को कोहाड़ापीर से कुदेशिया होते हुए दोनों साइड रोड निर्माण और सौंदर्यीकरण का काम सौंपा था। एजेंसी को 8 जुलाई को कार्यादेश जारी कर 15 महीने का समय दिया गया था, लेकिन साढ़े तीन महीने बीत जाने के बाद भी काम शुरू नहीं हुआ है। एजेंसी ने केवल जीपीएस सर्वे का काम पूरा किया है लेकिन न ही तकनीकी स्टाफ तैनात किया और न आवश्यक मशीनरी उपलब्ध कराई है।

अधिकारियों के मुताबिक 30 सितंबर को शर्मा कंस्ट्रक्शन प्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधि पवन शर्मा ने नगर आयुक्त के कार्यालय में आकर कार्य को तत्काल शुरू करने का आश्वासन दिया था, इसके बावजूद कोई काम शुरू नहीं किया गया। एजेंसी के प्रतिनिधि से संपर्क साधने की कोशिश पर भी कोई जवाब नहीं दिया। इसके बाद नगर आयुक्त ने मुख्य अभियंता मनीष अवस्थी को एजेंसी पर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। मुख्य अभियंता का कहना है कि अगर एजेंसी अगले कुछ दिनों में कोई ठोस जवाब नहीं देती है, तो उसे स्थायी रूप से ब्लैकलिस्ट कर नया ठेकेदार नियुक्त किया जाएगा, ताकि काम प्रभावित न हो।

नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने बताया कि सीएम ग्रिड मुख्यमंत्री की प्राथमिकता वाला प्रोजेक्ट है। इसको लेकर पहले भी फर्म शर्मा कंस्ट्रक्शन को नोटिस दिए जा चुके हैं। बावजूद काम शुरू नहीं किया गया। मुख्य अभियंता को एजेंसी पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

संबंधित समाचार