Bareilly: जांच के लिए अगले दिन की तारीख देने पर मरीजों ने काटा हंगामा
बरेली, अमृत विचार। जांच के लिए अगले दिन की तारीख देने पर जिला महिला अस्पताल में शनिवार को अल्ट्रासाउंड कक्ष के बाहर मरीजों ने हंगामा किया। उनकी सुरक्षा गार्ड से तीखी नोकझोंक हुई। स्टाफ ने समझाकर उन्हें शांत कराया।
दरअसल, जिला महिला अस्पताल के अल्ट्रासाउंड कक्ष में एक मशीन से ही मरीजों की जांचें हो रही हैं। शनिवार को 90 से अधिक मरीज जांच कराने के लिए लाइन में लगे हुए थे। लेकिन 60 मरीजों की ही जांचें हो सकीं।
ऐसे में अन्य मरीजों को अगले दिन की तिथि पर्चे पर लिखकर जांच कराने के लिए आने को कहा। इसपर मरीज बिफर गए। मरीजों की तर्क था कि हालत गंभीर होने पर कौन जिम्मेदार होगा। इसी बात को लेकर मरीजों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। सुरक्षा गार्ड के समझाने पर भी मरीज नहीं माने। स्टाफ ने जांचें प्रभावित होने का तर्क दिया, तब मरीज शांत हुए।
