बाराबंकी : मैं चोर नहीं, अपनी मोहब्बत से मिलने आया था... प्रेमिका से मिलने आए युवक को ग्रामीणों ने पीटा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मसौली/बाराबंकी, अमृत विचार। थाना क्षेत्र के हबीबपुर गांव में देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक को ग्रामीणों ने पकड़कर पीट दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह युवक को भीड़ से बचाकर थाने पहुंचाया। युवक का सफाई देते वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है।

जानकारी के अनुसार सीतापुर जनपद के मिश्रिख थाना क्षेत्र का निवासी ललित कुमार पुत्र छत्रपाल अपनी प्रेमिका से मिलने हबीबपुर गांव पहुंचा था। आरोप है कि लड़की ने युवक को अपने घर की छत पर बुलाया था। इसी दौरान लड़की के बड़े भाई ने दोनों को देख लिया, जिसके बाद हंगामा मच गया।

बताया जा रहा कि डर के मारे ललित पास की छत पर कूद गया और जीने के नीचे छिपने की कोशिश करने लगा। तभी ग्रामीणों ने उसे देख लिया और चोर समझकर पकड़ने के बाद उसकी जमकर पिटाई कर दी।

सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को भीड़ से छुड़ाया और थाने ले आई। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल है, जिसमें युवक कह रहा है कि “मैं चोर नहीं हूं, अपनी मोहब्बत से मिलने आया था।” पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

संबंधित समाचार