सरदार पटेल को प्रधानमंत्री न बनाना कांग्रेस की साजिश : डॉ. दिनेश शर्मा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सरदार पटेल की 150वीं जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाएगी भाजपा

बाराबंकी, अमृत विचार। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150 वीं जयंती पर भाजपा रन फॉर यूनिटी का आयोजन करेगी। इस दौड़ में कार्यकर्ता राष्ट्रीय ध्वज लेकर एकता का संदेश देंगे। देश भर में संपूर्ण अभियान 31 अक्टूबर से 6 दिसंबर तक चलेगा।

जिला पंचायत सभागार में  शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए प्रदेश के पूर्व डिप्टी सीएम व राज्यसभा सांसद डॉ दिनेश शर्मा ने कहा कि कांग्रेस ने सरदार पटेल को प्रधानमंत्री न बनाकर देश के साथ विश्वासघात किया है। उन्होंने कहा कि अगर सरदार पटेल देश के पहले प्रधानमंत्री होते तो अखंड भारत का सपना सात दशक पूर्व ही साकार हो गया होता।

उन्होंने कहा कि यह देश का दुर्भाग्य रहा कि नेहरू गांधी परिवार की कांग्रेसी सरकारों ने सच्चे राष्ट्रभक्त सरदार पटेल के योगदान को पूरी तरह से उजागर नहीं होने दिया, वह चाहे स्वतंत्रता के पूर्व रहे हों या स्वतंत्रता के बाद के कार्य हों।

सरदार पटेल के जन्मदिवस 31 अक्टूबर से शुरू हो रहे अभियान की जानकारी साझा करते हुए उन्होंने बताया कि देश भर में इस अभियान के तहत तीन प्रकार की सरदार@150 यूनिटी मार्च पदयात्राएं आयोजित की जाएंगी। ये यात्राएं लोकसभा, विधानसभा एवं राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होंगी।

उन्होंने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों में आयोजित होने वाली भाषण, रंगोली, चित्रकला और निबंध प्रतियोगिताओं के जरिए सरदार पटेल की एक भारत-श्रेष्ठ भारत की संकल्पना को बढ़ावा देना है। उन्होंने बताया कि 31 अक्टूबर को सरदार पटेल की जयंती पर रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया जाएगा।

इस 8 किलोमीटर लंबी दौड़ में समाज के हर वर्ग का प्रतिभाग होगा। इसके बाद लगातार विधानसभा स्तर तक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस महाआयोजन का मुख्य उद्देश्य  भारत निर्माण में सरदार पटेल के अतुलनीय योगदान को सही और विस्तार से आमजन तक पहुंचाना है।

इस अवसर पर  जिला अध्यक्ष अरविंद मौर्य, एमएलसी व जिला प्रभारी इं. अवनीश सिंह पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत, एमएलसी अंगद सिंह, विधायक दिनेश रावत, पूर्व विधायक शरद अवस्थी, पूर्व एमएलसी हरगोविंद सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष अवधेश श्रीवास्तव, डॉ राम कुमारी मौर्य, जिला मीडिया प्रभारी विजय आनंद बाजपेई व उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन के जिलाध्यक्ष इ. जयदीप सिंह सिद्धू समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

संबंधित समाचार