लखनऊ विश्वविद्यालय का 105वां स्थापना दिवस: पूर्व छात्रों का लगेगा जमघट... किए जाएंगे सम्मानित, दस दिनों तक चलेगा रंगारंग कार्यक्रम
लखनऊ, अमृत विचार: लखनऊ विश्वविद्यालय अपना 105वां स्थापना दिवस समारोह भव्य रूप से मनाने जा रहा है। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र-छात्राओं को आमंत्रित कर सम्मानित किया जाएगा। 15 नवंबर से 25 नवंबर तक दस दिनों तक चलने वाले समारोह में विविध सांस्कृतिक और शैक्षणिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा।
तैयारियों की समीक्षा के लिए विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर मोनिका खन्ना, जो लखनऊ विश्वविद्यालय पूर्व छात्र संगठन की मानद अध्यक्ष भी हैं, ने बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में प्रोफेसर अरूप चक्रवर्ती (उपाध्यक्ष, पूर्व छात्र संगठन), प्रोफेसर सुधीर महरोत्रा (महामंत्री), प्रोफेसर आलोक धवन (निदेशक, जैव-चिकित्सा अनुसंधान केंद्र), संयुक्त मंत्री तथा पूर्व मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जैव-प्रौद्योगिकी उद्यान प्रोफेसर प्रमोद टंडन भी उपस्थित रहे।
बैठक में सम्मानित किए जाने वाले पूर्व छात्रों के नामों पर चर्चा की गई। नामों को अंतिम रूप देने का निर्णय अगली बैठक में लिया जाएगा। अति विशिष्ट पूर्व छात्रों के विशेष व्याख्यान भी आयोजित किए जाएंगे, जिसके लिए विभागाध्यक्षों को सूचित किया जा रहा है। मुख्य समारोह 25 नवंबर 2025 को मालवीय सभागार में आयोजित होगा। उल्लेखनीय है कि लखनऊ विश्वविद्यालय नवंबर 2025 में अपनी स्थापना के 105 वर्ष पूर्ण करेगा।
यह भी पढ़ेंः LU Exam Form: 10 नवंबर तक लखनऊ विश्वविद्यालय में भरे जाएंगे परीक्षा फॉर्म, परेशानी होने पर डाइल करें टोल फ्री नंबर
