एसडीएम के घर लाखों की चोरी, बाउंड्री फांदकर एसडीएम के घर में घुसे चोर
जानकीपुरम के सीता विहार कॉलोनी में दो घरों में लाखों की चोरी
लखनऊ, अमृत विचार: मड़ियांव के साईं सिटी कॉलोनी में चोरों ने एसडीएम के बंद मकान को निशाना बनाया। बाउंड्री फांदकर घर में घुसे चोरों ने ताला तोड़कर नकदी व जेवर समेत लाखों के माल पर हाथ साफ कर दिया। चोरों की करतूत बाउंड्री पर लगे सीसी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन कर रही है। वहीं, जानकीपुरम के सीते विहार कॉलोनी में चोरों ने दो मकानों के ताले तोड़कर लाखों का माल चोरी कर लिया। पुलिस सीसी फुटेज की मदद से जांच कर रही है।
आईआईएम रोड स्थित साईं सिटी कॉलोनी निवासी अनामिका श्रीवास्तव फतेहपुर तहसील में एसडीएम हैं। 24 अक्टूबर की तड़के मुंह पर गमछा लपेटे चोर बाउंड्री फांदकर घुसे। उसके बाद दरवाजे के ताले तोड़कर अंदर पहुंचे। फिर सभी कमरों व आलमारी के ताले तोड़कर नकदी व जेवर चोरी कर लिया। सुबह चोरी की सूचना पर परिचित राजकुमार यादव निवासी वाजिदनगर मलिहाबाद मौके पर पहुंचे। डॉयल-112 पर सूचना देने पर मड़ियांव पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सीसी कैमरों के फुटेज खंगाले तो पता चला कि चोर 2:40 बजे से सुबह 5 बजे तक घर में रहे थे। फुटेज में दिखा कि चोरों ने पहले गेट से चढ़ने की कोशिश की। सफल नहीं होने पर एक चोर दीवार फांदा, जबकि दूसरा दूसरे रास्ते से अंदर गया। पुलिस ने डॉग स्क्वॉयड बुलाया। खोजी कुत्ता गंध लेकर बगल वाली गली तक जाकर रुक गया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
जानकीपुरम विस्तार के सीता विहार कॉलोनी निवासी बृजेंद्र कुमार राय ने बताया कि घर पर सीएचओ के पद पर कार्यरत भतीजी शिवानी रहती है। जीएसटी कमिश्नर साले की कैंसर से निधन की सूचना पर गोरखपुर गए थे। 22 अक्टूबर को शिवानी घर पहुंची तो मुख्य द्वार खुला मिला। अंदर गयी तो सभी कमरों के ताले टूटे और सामान अस्त-व्यस्त मिला। बृजेंद्र ने बताया कि चोर करीब दो लाख रुपये, लाखों के जेवर, स्मार्ट वॉच व अन्य सामान चोरी कर ले गए। सीसी कैमरे में पांच चोर कैद हुए हैं।
इसी कॉलोनी में चोरों ने रघुवर दयाल सिंह के मकान में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित दिवाली पर 19 अक्टूबर को परिवार संग पैतृक निवास प्रतापगढ़ गया था। 22 अक्टूबर की सुबह पड़ोसी ने चोरी की सूचना दी। वापस लौटे तो सामान बिखरा मिला। पीड़ित ने बताया कि चोरों ने पांच हजार रुपये व लाखों के जेवर चोरी किए हैं।
