Bareilly : 20 लाख की अफीम के साथ 6 तस्कर गिरफ्तार...झारखंड से बरेली और दूसरे राज्यों में करते थे सप्लाई
बरेली, अमृत विचार। स्पेशल टास्क फोर्स ने बड़े नशा तस्कर गिरोह का खुलासा किया है। गैंग के 6 तस्करों को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से 4.131 किग्रा अफीम बरामद की गई। बाजार में जिसकी कीमत 20 रुपये आंकी गई। पकड़े गए दो तस्कर झारखंड के रहने वाले हैं, जिनका काम अफीम को झारखंड से बरेली लाना था।
दरअसल एसटीएफ को लबें समय से नशा तस्करों के बारे में इनपुट मिल रहा था। जिसके बाद कैंट थाना क्षेत्र में कार्रवाई कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए तस्कर चंदन यादव ने बताया कि वह और उसका साथी मंटू रांची के रहने वाले सुदेश यादव से अफीम लाकर बरेली में उसके बताई जगह पर सप्लाई करते थे। खरीदने वाला शख्स सीधे सुदेश यादव के खाते में रकम ट्रांसफर करता था।
बरेली में डिलीवरी फिर दूसरे राज्यों में सप्लाई
पकड़े गए तेजराम ने बताया कि वह मंटू और चंदन से अफीम की डिलीवरी लेते हैं। कैंट इलाके को इसलिए चुना गया क्योंकि यहां अक्सर सुनसान रहती है और पकड़े जाने का डर भी नहीं रहता। तेजराम अपने सहयोगी शेर सिंह के साथ मिलकर अफीम को दिल्ली एनसीआर, हरियाणा, पंजाब व बरेली में अलग-अलग स्थानों पर सप्लाई कर मोटा मुनाफा कमाते थे।
इन तस्करों को किया गया गिरफ्तार
एसटीएफ ने जिन तस्करों को गिरफ्तार किया उनमें तेजराम निवासी ग्राम अजोध्या मजरा देवकोला थाना आंवला, जिला बरेली, अंकित सिंह निवासी ग्राम मनौना थाना आंवला, बरेली, शेर सिंह निवासी ग्राम बिलोरी थाना आंवला, बरेली, चंदन यादव निवासी नगवां थाना इटखोरी जिला चतरा झारखंड, मंटू कुमार निवासी न्यूरी कर्मा दादपुर, थाना चौपरान, जिला हजारीबाग, झारखंड, राजकुमार निवासी ग्राम करेली, थाना सुभाषनगर बरेली।
